March 26, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

पटना में भव्य अंदाज़ में लॉन्च हुआ भोजपुरी फिल्म “जेल स्टार” का ट्रेलर, जल्द होगी सिनेमाघरों में रिलीज

पटना में भव्य अंदाज़ में लॉन्च हुआ भोजपुरी फिल्म “जेल स्टार” का ट्रेलर, जल्द होगी सिनेमाघरों में रिलीज

राजधानी पटना के प्रतिष्ठित होटल पाटलिपुत्र एक्जोटिका में भोजपुरी फिल्म “जेल स्टार” का ट्रेलर लॉन्च भव्य कार्यक्रम के साथ किया गया। भूमि ओरिजिनल्स इंटरनेशनल के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन पराग पाटिल ने किया है। ट्रेलर लॉन्च के मौके पर फिल्म से जुड़े कई चर्चित कलाकार और निर्माता उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम में फिल्मी रंगत देखने को मिली।

इस अवसर पर निर्देशक पराग पाटिल, निर्माता प्रिंस कुमार, अभिनेता व गायक रौशन रोही, अभिनेत्री शिल्पी राघवानी, अभिनेता देव सिंह, नेहा पाठक, खुशी कक्कड़, अखिलेश कश्यप और गौरीशंकर समेत कई कलाकार मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी कलाकारों ने फिल्म के अनुभव साझा किए और दर्शकों से फिल्म को प्यार देने की अपील की।

निर्देशक पराग पाटिल ने बताया कि “जेल स्टार” एक पारिवारिक और मनोरंजक फिल्म है, जिसमें दर्शकों को भावनाओं, संगीत और कहानी का बेहतरीन संगम देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि रौशन रोही के साथ उनकी यह पहली फिल्म है और उन्होंने इसमें शानदार अभिनय किया है। साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी दी कि फिल्म को कई भाषाओं में डब कर व्यापक स्तर पर रिलीज किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक दर्शकों तक इसे पहुंचाया जा सके।

निर्माता प्रिंस कुमार ने कहा कि “जेल स्टार” उनकी पहली फिल्म है, जिसे उन्होंने पूरी मेहनत और दिल से बनाया है। उन्होंने बताया कि इस फिल्म में दर्शकों के लिए एक मजबूत कहानी, बेहतरीन संगीत और पारिवारिक मनोरंजन का पूरा ख्याल रखा गया है। प्रिंस कुमार ने उम्मीद जताई कि दर्शक इस फिल्म को भरपूर प्यार देंगे और उनकी यह पहली कोशिश भोजपुरी सिनेमा में एक अलग पहचान बनाएगी।

अभिनेता रौशन रोही ने फिल्म को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरी तरह पारिवारिक फिल्म है, जिसमें 2-3 मगही गीत भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह दर्शकों ने उनके गाए गीतों को प्यार दिया है, उसी तरह इस फिल्म को भी भरपूर समर्थन मिलेगा। वहीं अभिनेत्री शिल्पी राघवानी ने कहा कि रौशन रोही के साथ यह उनकी पहली फिल्म है, लेकिन उनके साथ काम करते हुए ऐसा महसूस नहीं हुआ कि वह नए हैं। उन्होंने उनके अभिनय की सराहना की।

फिल्म में कुल आठ गाने शामिल हैं, जो दर्शकों को खूब पसंद आने की उम्मीद है। अभिनेता देव सिंह ने कहा कि फिल्म की कहानी और प्रस्तुति दर्शकों को बांधे रखेगी और इसमें हर वर्ग के लिए मनोरंजन मौजूद है। गया में शूट की गई इस फिल्म को लेकर पूरी टीम काफी उत्साहित है और उम्मीद जताई जा रही है कि “जेल स्टार” भोजपुरी सिनेमा में एक नई पहचान बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.