डीएम वैशाली का सख्त निर्देश: निर्बाध व गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं
डीएम वैशाली का सख्त निर्देश: निर्बाध व गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं
। रिपोर्ट सुधीर मालाकार।
हाजीपुर (वैशाली)
जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह की अध्यक्षता में विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल हाजीपुर/महुआ, ट्रांसमिशन हाजीपुर के अभियंता एवं सभी सहायक विद्युत अभियंता (आपूर्ति) उपस्थित रहे।
*‘निर्बाध बिजली सर्वोच्च प्राथमिकता’*
डीएम ने साफ कहा कि आम जनता को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लापरवाही किसी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
*मुख्य निर्देश:*
*1. लोड शेडिंग की पूर्व सूचना अनिवार्य*
फीडर स्तर पर होने वाली लोड शेडिंग की सूचना समय रहते समाचार पत्रों और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न हो। डीएम ने कहा कि पारदर्शिता और सूचना का त्वरित संप्रेषण जनसंतोष के लिए जरूरी है।
*2. नई परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग*
नए बन रहे ट्रांसमिशन लाइन, ग्रिड सब-स्टेशन और पावर सब-स्टेशन के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया। सभी सहायक एवं कनीय अभियंता परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट फोटो सहित व्हाट्सएप ग्रुप व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नियमित अपडेट करें।
*3. जले ट्रांसफार्मर समय सीमा में बदलें*
जिले में जले या खराब ट्रांसफार्मरों को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर इन्हें हर हाल में बदला जाए। ट्रांसफार्मर खराब रहने से आमजन को होने वाली परेशानी स्वीकार्य नहीं है।
*4. सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का प्रचार*
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया गया। पंचायत स्तर पर विशेष कैम्प आयोजित करने के निर्देश दिए गए। औद्योगिक उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु बियाडा टीम के साथ समन्वय कर कार्रवाई करने को कहा गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि विद्युत आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारियों को जनहित में संवेदनशील एवं जवाबदेह होकर कार्य करने की आवश्यकता है।
