April 16, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

इस्लामिया टीचर्स ट्रेनिंग (बी.एड.) कॉलेज में नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन

इस्लामिया टीचर्स ट्रेनिंग (बी.एड.) कॉलेज में नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन

फातमा जहां फुलवारी शरीफ की रिपोर्ट।

इस्लामिया टीचर्स ट्रेनिंग (बी.एड.) कॉलेज परिसर में आज एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में कॉलेज के शिक्षकों, शिक्षार्थियों तथा कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने नेत्रों की जांच करवाई।
शिविर में नेत्रवेदम आई हॉस्पिटल के डॉ. सभिताभ कुमार एवं उनके सहयोगी अमित कुमार और मोहम्मद आमिर द्वारा अत्याधुनिक उपकरणों के माध्यम से प्रतिभागियों की आंखों की सूक्ष्म जांच की गई। इस दौरान दृष्टिदोष, आंखों में जलन, धुंधलापन, सिरदर्द तथा अन्य नेत्र संबंधी समस्याओं की पहचान की गई और उपस्थित लोगों को उचित परामर्श प्रदान किया गया। जिन लोगों को विशेष उपचार या चश्मे की आवश्यकता थी, उन्हें आगे की चिकित्सा हेतु आवश्यक सुझाव भी दिए गए।
शिविर का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों एवं शिक्षार्थियों में नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना, समय रहते आंखों की समस्याओं का निदान करना तथा स्वस्थ दृष्टि के महत्व को समझाना था। इस अवसर पर विशेषज्ञों ने डिजिटल उपकरणों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों पर भी प्रकाश डाला और आंखों की सुरक्षा के लिए नियमित जांच, संतुलित आहार एवं उचित देखभाल की सलाह दी।
कॉलेज के प्राचार्य आर. के. अरुण ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए अत्यंत लाभकारी होता है। उन्होंने चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.