April 16, 2022

NR INDIA NEWS

News for all

सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मौत पर बवाल परिजनों में मचा कोहराम,

सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मौत पर बवाल
परिजनों में मचा कोहराम, आक्रोशित लोगों ने शव के साथ महुआ थाना का किया घेराव
महुआ थाना के लक्ष्मीनारायण पुर पंचायत अंतर्गत शाहपुर गांव की घटना
महुआ, नसीम रब्बानी। सड़क दुर्घटना में घायल युवक की पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार की सुबह मौत हो गई। यह मनहूस खबर आते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इधर लोगों ने मृतक का शव लाकर महुआ थाना का घेराव किया काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर भेज दिया।
मृतक 25 वर्षीय चंदन कुमार महुआ थाने के लक्ष्मीनारायणपुर पंचायत अंतर्गत शाहपुर चकूमर वार्ड संख्या 3 निवासी चंदेश्वर राय का पुत्र था। मिली जानकारी के अनुसार चंदन बीते सोमवार को बाइक से महुआ गया था और देर रात को लौट रहा था। इस बीच महुआ देसरी मार्ग पर हरपुर ओस्ती के पास खड़ा ट्रैक्टर से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर घर के लोग आए और उसे पहले तो स्थानीय स्तर पर इलाज कराया, बाद में बेहतर इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में ले गए। इस दौरान चंदन शुक्रवार को मौत की जंग से हार गया। यह खबर जैसे ही परिजनों को मिली उनमें कोहराम मच गया और लोगों की भीड़ घर पर जुट गई।
मुआवजे की मांग को लेकर शव के साथ थाना का किया घेराव:
इधर पटना से मृतक का शव घर आते ही आक्रोशित लोग उसे लेकर महुआ पहुंचे और थाने का घेराव कर डाला। लोगों का कहना था कि मृतक काफी गरीब परिवार से था और उसी के कमाई से घर परिवार चल रहा था। इस घटना को लोग काफी दुखद बता रहे थे। उनका कहना था कि प्रशासन इस पर ध्यान देते हुए मृतक के परिजनों को आपदा के तहत मुआवजा का राशि प्रदान करें। काफी संख्या में महिलाएं भी थाने पर पहुंची और उसी जगह शव से लिपट कर रोने लगी। थाने पर महिलाओं की रुलाई से सबका दिल दहल जा रहा था। हालांकि पुलिस और समाजसेवियों के समझाने पर लोग मान गए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर भेज दिया।
पिछले वर्ष ही हुई थी चंदन की शादी:
चंदन की शादी पिछले वर्ष में हुई थी। शादी के एक वर्ष गुजरे ही थे कि वह अपने दांपत्य जीवन को अलविदा कह दिया। इस घटना से उसकी नवविवाहिता पत्नी पूनम फूटकर रो रही थी और लोग उसे समझा रहे थे। उसे क्या पता था कि जिसके साथ वाह पिता की घर छोड़ कर आई है वही उसे अलविदा कह देगा। इस मनहूस घटना से सभी का कलेजा दहल जा रहा था। माता शीला देवी तो पुत्र के वियोग में पड़ी थी। मृतक चंदन दो भाइयों में बड़ा था और तिरपुर में रहकर मजदूरी करता था। होली में वह घर आया था। फिर अपने काम पर लौटने ही वाला था कि यह हृदय विदारक घटना हो गई। इस घटना ने न सिर्फ परिजन पर बल्कि पूरे समाज को गहरा घाव दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.