April 23, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

आंधी में मवेशी बांधने के दौरान विशाल सेमल वृक्ष गिरने से दबकर युवक की मौत

आंधी में मवेशी बांधने के दौरान विशाल सेमल वृक्ष गिरने से दबकर युवक की मौत

महुआ के गोविंदपुर पंचायत अंतर्गत लक्ष्मीनारायणपुर गांव की घटना, घटना से परिजनों में मजाक कोहराम और गांव में छाया मातमी सन्नाटा

महुआ। रेणु सिंह

आंधी में मवेशी बांधने के दौरान विशाल सेमल का वृक्ष गिर जाने से उसमें दबकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना गुरुवार की देर रात करीब 2:30 बजे महुआ के गोविंदपुर पंचायत के वार्ड संख्या 12 अंतर्गत लक्ष्मीनारायणपुर गांव में घटी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं गांव में मातमी सन्नाटा छाया है।
मृतक 23 वर्षीय अमन कुमार उर्फ छोटू उक्त गांव निवासी जयराम चौधरी का पुत्र था। शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार छोटू गांव के शनिचरा माई स्थान के पास अपनी बथान में सोया था। जहां देर रात को आंधी और बारिश की बूंदाबांदी आने पर वह मवेशी को बांधने गया था। इस दौरान आंधी के तेज झटके में काफी पुराना सेमल का विशाल पेड़ गिर गया। जिससे पेड़ की डाली में वह दब गया। इस दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस बीच आसपास के लोग दौड़े और पेड़ की डाली से दबे छोटू को जमीन की मिट्टी खोदकर मशक्कत से निकला। हालांकि इसके पहले उसकी मौत हो चुकी थी।
जिस दिन शादी के रिश्ते होने थे तय उसी दिन उठा युवक का अर्थी:
बताया जा रहा है कि युवक छोटू की शादी के रिश्ते आए थे। शुक्रवार को ही पुनः रिश्ते तय करने को लेकर लड़की वाले आने वाले थे। इस बीच युवक छोटू के दर्दनाक मौत हो गई और रिश्ते तय होने के पूर्व ही उसने धरती को अलविदा कह दिया। घटना से घर परिवार में चीत्कार तो मची ही थी, गांव समाज के लोग अचंभित थे। लोग समझ नहीं रहे थे कि यह क्या हो गया। हर लोगों के चेहरे गम में डूबे थे।
तीन भाई और एक बहन में बड़ा था मृतक छोटू:
मृतक अमन कुमार उर्फ छोटू तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। वह अपने पिता जयराम चौधरी के साथ खेती गृहस्ती में लगा था। घटना से युवक के परिजनों पर दुख के पहाड़ टूट पड़ा है। पिताजी खेती गृहस्ती करके घर परिवार चलाते हैं। उनका तो सहारा चला गया। घर में मां, बहन और अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना पर लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.