March 26, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

पटना में पहली बार भव्य ‘भूमिहार परिवार मिलन समारोह’ आयोजित, शिक्षा व सामाजिक एकजुटता पर जोर

पटना में पहली बार भव्य ‘भूमिहार परिवार मिलन समारोह’ आयोजित, शिक्षा व सामाजिक एकजुटता पर जोर

रिपोर्ट:नसीम रब्बानी, बिहार

पटना। भूमिहार परिवार फाउंडेशन द्वारा ‘भूमिहार बैठकी, गांधी मैदान’ के सफल एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 52वें रविवार को राजधानी पटना में पहली बार भव्य ‘भूमिहार परिवार मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के अनेक वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य अतिथि एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में एकजुटता, आपसी सहयोग और सौहार्द को मजबूत करना रहा।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया, जिसमें बिहार के पूर्व डीजीपी अभयानंद की विशेष उपस्थिति रही। इस दौरान उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि समाज के लोगों को उच्च शिक्षा की ओर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाएं और समाज के विकास में अग्रणी भूमिका निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में वे स्वयं भी सहयोग देने के लिए सदैव तैयार हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के संस्थापक अंकित चन्द्रायण ने कहा कि पटना शहर के सभी मोहल्लों में सदस्यता अभियान चलाकर भूमिहार समाज के हर परिवार को एक मंच से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि समाज के लोगों को इलाज के दौरान पटना में रहने की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जा रही है, ताकि जरूरतमंद परिवारों को कठिन समय में सहयोग मिल सके।

उन्होंने आगे कहा कि समाज के व्यवसायियों को एक-दूसरे से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे नए लोगों को आगे बढ़ने का अवसर मिले। इसके साथ ही पटना में जल्द ही एक लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी, जहां 100 से अधिक बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

अंकित चन्द्रायण ने कहा कि केंद्र सरकार की स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं। इन पहलों का लाभ उठाकर समाज के युवा रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बन सकते हैं। उन्होंने युवाओं को प्रशिक्षण, उद्यमिता और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समाज के सामूहिक प्रयासों से भूमिहार समाज सामाजिक एकजुटता, सौहार्द और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेगा तथा राज्य के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। कार्यक्रम को टिकारी युवराज हर्ष राज, प्रीति प्रिया, एस के पाण्डेय, डॉक्टर संजीव, कर्नल कुणाल, डॉ मारुत नन्दन इत्यादि ने संबोधित किया।

इस अवसर पर अजय जी, पुरशोत्तम जी, दीपक जी, सुजीत जी, युगल जी, नीरज जी, रामजन्म जी, सुमन्त जी, किशोर, अभिजीत जी सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.