मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूरे परिवार सहित बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे, की पूजा-अर्चना, लिया विकास कार्यों का जायजा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूरे परिवार सहित बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे, की पूजा-अर्चना, लिया विकास कार्यों का जायजा
_रिपोर्ट: सुधीर मालाकार
सोनपुर (सारण)
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज पूरे परिवार सहित सोनपुर स्थित ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा हरिहरनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव व प्रशासनिक अधिकारियों ने CM का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने गार्ड ऑफ ऑनर लिया और मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं व जनता का अभिवादन स्वीकार किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण व विकास कार्यों का जायजा भी लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रावणी मेला व कार्तिक पूर्णिमा मेले को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सारण SP खुद सुरक्षा की कमान संभाले हुए थे। CM के आगमन को लेकर सारण, पटना व वैशाली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में रही। ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की गई।
गौरतलब है कि बाबा हरिहरनाथ मंदिर गंगा-गंडक के संगम पर स्थित है और हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के लिए प्रसिद्ध है। यहां हरि यानी विष्णु और हर यानी शिव की एक साथ पूजा होती है।
