April 18, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

शुभ लग्न शुरू होते ही महुआ में जाम का झाम, बारातियों की गाड़ियां फंसी

शुभ लग्न शुरू, महुआ जाम से बेहाल

महुआ, वैशाली, 17 अप्रैल 2026: खरमास खत्म होते ही शुभ लग्न की दस्तक के साथ महुआ में जाम ने फिर पांव पसारना शुरू कर दिया है। बाजारों में खरीदारों की भीड़ और सड़कों पर गाड़ियों की अधिकता से सुबह-शाम जाम की स्थिति बन रही है।

बारातियों को हो रही परेशानी: जाम में सुबह दूल्हा-दुल्हन तो शाम में दूल्हे और बारातियों की गाड़ियां फंस रही हैं। कई बार वर-वधू पक्ष का शुभ लग्न का निर्धारित समय भी जाम में ही बीत जाता है। सेहरा बांधे दूल्हे गाड़ियों में बैठकर बोरियत महसूस करते हैं। वहीं दुल्हन पक्ष को समय पर बारात न पहुंचने से दरवाजा लगाने समेत अन्य रस्मों में दिक्कत आती है।

ये हैं जाम के मुख्य पॉइंट: महुआ के गांधी स्मारक, बच्चन शर्मा स्मारक, गोला रोड, पातेपुर रोड, मुजफ्फरपुर रोड, समस्तीपुर रोड, थाना चौक, जवाहर चौक, मंगरू चौक, पुराना बाजार जाम के केंद्र बने हुए हैं। महुआ-हाजीपुर सड़क पर बेलकुंडा और ताजपुर सड़क पर कुशहर भी जाम का बड़ा पॉइंट बनता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि पुलिस वाले भी जाम देखकर एकांत में बैठ जाते हैं।

बाजारों में लौटी रौनक: शुभ लग्न शुरू होने से बाजारों में रौनक लौट आई है और दुकानदारों के चेहरे खिल गए हैं। शुभ सामान बेचने वाले, डाला-दउरा बनाने वाले महादलित परिवार, मंडप सजाने वाले कारीगर, टेंट-शामियाना संचालक, हलवाई, पुरोहित, नाई, आभूषण, गल्ला और कपड़ा दुकानदारों के यहां भीड़ है। लग्न की अधिकता से पुरोहित और नाई की कमी पड़ रही है। डाला-दउरा बनाने वाले महादलित परिवार सामान की कीमत नहीं बल्कि बख्शीश लेते हैं।

रिपोर्ट: रेणु सिंह, महुआ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.