April 30, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

फार्मर रजिस्ट्री अभियान में वैशाली अव्वल, जिलाधिकारी वर्षा सिंह सम्मानित — जिले के लिए गौरव का क्षण

फार्मर रजिस्ट्री अभियान में वैशाली अव्वल, जिलाधिकारी वर्षा सिंह सम्मानित — जिले के लिए गौरव का क्षण

आज दिनांक 30.04.2026 को अधिवेशन भवन, पटना में जिला पदाधिकारियों, वरीय पुलिस अधीक्षकों/पुलिस अधीक्षकों एवं अन्य क्षेत्रीय पदाधिकारियों की एक दिवसीय उच्चस्तरीय कार्यशाला का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी के कर-कमलों द्वारा किया गया।

इस कार्यशाला में राज्य में संचालित फार्मर रजिस्ट्री अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी वैशाली, श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र एवं डेढ़ लाख रुपये के चेक से मुख्य सचिव बिहार, श्री प्रत्यय अमृत (भा.प्र.से.) द्वारा सम्मानित किया गया।

यह सम्मान वैशाली जिले के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। जिलाधिकारी वर्षा सिंह के कुशल नेतृत्व, प्रभावी मॉनिटरिंग एवं टीम भावना के साथ किए गए कार्यों के परिणामस्वरूप जिले ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक किसानों का सफलतापूर्वक डिजिटल पंजीकरण कर राज्य में उत्कृष्ट स्थान हासिल किया। गांव-गांव में विशेष अभियान चलाकर, शिविर आयोजित कर तथा जन-जागरूकता के माध्यम से किसानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई।

इस कार्यक्रम में आयुक्त तिरहुत प्रमंडल, पुलिस उप महानिरीक्षक तिरहुत रेंज एवं पुलिस अधीक्षक वैशाली सहित राज्य के विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने इस सम्मान के लिए जिले के सभी पदाधिकारियों, कर्मियों एवं वैशाली के किसानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

जिले में इस उपलब्धि को लेकर प्रशासनिक महकमे एवं आम जनमानस में हर्ष एवं गर्व का माहौल है। यह सफलता वैशाली जिले के लिए प्रेरणास्रोत के रूप में स्थापित हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.