April 30, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

इंटरमीडिएट विशेष एवं कंपार्टमेंटल परीक्षा, 2026 के कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु तैयारियां पूर्ण

इंटरमीडिएट विशेष एवं कंपार्टमेंटल परीक्षा, 2026 के कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु तैयारियां पूर्ण

जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के निर्देशन में इंटरमीडिएट विशेष एवं कंपार्टमेंटल परीक्षा, 2026 के सफल, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से प्राप्त दिशा-निर्देशों के आलोक में इस संबंध में विस्तृत संयुक्त आदेश जारी किया गया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह परीक्षा दिनांक 02 मई 2026 से 11 मई 2026 तक आयोजित की जाएगी। जिले में इसके लिए जीए इंटर स्कूल, एस.एस. गर्ल्स हाई स्कूल एवं टाउन हाईयर सेकेंडरी स्कूल, हाजीपुर सहित कुल 03 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा का आयोजन प्रतिदिन दो पालियों में किया जाएगा।

परीक्षा की गोपनीयता सुनिश्चित करने हेतु उत्तरपुस्तिकाओं की बारकोडिंग व्यवस्था समाहरणालय परिसर स्थित जिला परिषद् सभागार में की गई है, जो Chief Secrecy Officer एवं Deputy Chief Secrecy Officer के पर्यवेक्षण में संपन्न होगी।

सभी परीक्षा केन्द्रों पर कदाचारमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने हेतु पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त गस्ती, जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है।

समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से परीक्षा समाप्ति तक कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06224-260220 एवं 260229 निर्धारित किए गए हैं।
परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर की परिधि में धारा 163 (BNSS) के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू रहेगी।
सभी केन्द्रों पर CCTV निगरानी एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है।

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ करें तथा परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.