जनगणना कर्मियों को मिला मार्कर और परिचय पत्र
जनगणना कर्मियों को मिला मार्कर और परिचय पत्र
महुआ। रेणु सिंह
समस्याओं के बीच जनगणना कर रहे कर्मियों को हिंदुस्तान में खबर छपने के बाद उन्हें मार्कर और परिचय पत्र दिए गए। हालांकि अभी भी उन्हें जनगणना किट नहीं दिया गया है। जिससे उन्हें कार्य करने में परेशानियां आ रही है।
बुधवार को महुआ प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में जनगणना कर्मी अपने कार्य में लगे थे। पूछने पर कई जनगणना कर्मियों ने बताया कि उन्हें मकान नंबरिंग नक्शा करने के लिए एक मारकर और पतले सामान्य कागज पर परिचय पत्र बना कर दिए गए हैं।
जबकि जनगणना किट नहीं मिले हैं। इधर जनगणना कर रहे कर्मियों को ग्रामीण इलाके के खासकर दलित और महादलित बस्तियों में उन्हें विभिन्न समस्याओं से गुजरना पड़ रहा है। बताते हैं कि उन्हें 33 सवाल पूछने से पहले ही बस्ती के लोग प्रश्नों की बौछार शुरू कर देते हैं। बावजूद भी विपरीत परिस्थितियों के बीच जनगणना करने में लगे हैं।
इधर प्रखंड कार्यालय के द्वारा सभी जनगणना कर्मियों को नियत समय पर कार्य करने की नोटिस भी जारी किया गया है। हिंदुस्तान अखबार ने मंगलवार को ही अंक में जनगणना कर्मियों को विभिन्न समस्याओं से गुजरने और प्रखंड द्वारा किट मार्कर आदि नहीं दिए जाने की खबर छपी थी। इधर जनगणना को सही और नियत समय पर कराने को लेकर प्रखंड प्रशासन पूरी तरह कृत संकल्पित है। कार्यालय द्वारा हर एक-एक बिंदुओं पर नजर रखी जा रही है।
