रामनगर खलवॉं दंगल में विभिन्न प्रांत व नेपाल के पहलवान हुए शामिल, दोनों ट्रॉफियों पर नेपाल का कब्जा
रामनगर खलवॉं दंगल में विभिन्न प्रांत व नेपाल के पहलवान हुए शामिल, दोनों ट्रॉफियों पर नेपाल का कब्जा
रिपोर्ट : आदित्य कुमार सिंह
प्रखंड के रामनगर खलवॉं में महावीरी अखाड़ा के मेले में कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया, जिसमें देश भर के विभिन्न प्रांतों एवं पड़ोसी देश नेपाल से आए पहलवानों ने हिस्सा लिया। बता दें कि रामनगर खलवॉं में विगत 75 वर्षों से महावीरी पूजन एवं कुश्ती का आयोजन बड़े ही धूमधाम से किया जाता है। यह आयोजन महावीरी पूजन समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह के नेतृत्व में किया जाता है। कुश्ती दंगल का उद्घाटन पूर्व मुखिया शंभुनाथ सिंह, जयचंद सिंह, बंटी सिंह, डॉक्टर पवन सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं पहलवानों से परिचय प्राप्त कर किया। कुश्ती दंगल में नेपाल, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान के पहलवानो का दबदबा रहा। दंगल की शुरुआत में मध्य प्रदेश के शैलेश पहलवान व राजस्थान के शैतान सिंह के बीच जमकर मुकाबला हुआ, जिसमें शैलेश पहलवान की जीत हुई। वहीं बक्सर के मोनू पहलवान व मध्य प्रदेश के भीम पहलवान के बीच हुई कुश्ती में मोनू ने भीम को पटखनी देकर इनाम अपने नाम कर लिया। नेपाल के हरिहर थापा व मध्य प्रदेश के विनोद पहलवान के बीच दमदार मुकाबले में हरिहर थापा ने जीत हासिल किया। इनके अलावा दंगल में हलचल पहलवान, मोहित पहलवान,कालू पहलवान, शमशेर पहलवान, मुन्ना टाइगर, विक्की, सोनू, बब्लू, मोन्ती, रवि,वकार, रिजवान, लकी थापा, फैसल, छोटू, परवेज, बाबा नायक, ठाकुर जल्लाद सिंह, अंकित पहलवान सहित कई पहलावनो की भी कुश्ती काफी दमदार रही। पूर्व मुखिया शंभुनाथ सिंह के सौजन्य से विजेता एवं उपविजेता पहलवान के लिए ट्रॉफी का प्रबंध किया गया था। फाइनल कुश्ती नेपाल से आए दो पहलवानों के बीच हुई, जिसमें लकी थापा विजेता एवं उपविजेता हरिहर थापा बने। दोनों को जयचंद सिंह, जयप्रकाश सिंह, श्रीकांत सिंह, बंटी सिंह, पूर्व मुखिया शंभू नाथ सिंह, एसआई कमरुद्दीन अंसारी, प्रभुनाथ सिंह, छोटक सिंह, आकाश सिंह, सुरेंद्र सिंह, दिनेश सिंह, शर्मा सिंह, सोनू सिंह, गोलू सिंह, प्रेम सिंह, गोल्डन सिंह, अजय प्रताप सिंह, लड्डू सिंह, चिकुस सिंह, राहुल सिंह एवं दिग्विजय सिंह के द्वारा संयुक्त रूप से ट्रॉफी दिया गया।
