भूमि विवाद को लेकर पुलिस के समक्ष ही हुई रोड़ेबाजी
भूमि विवाद को लेकर पुलिस के समक्ष ही हुई रोड़ेबाजी
महुआ थाने के सिंघाड़ा दक्षिणी पंचायत अंतर्गत बावन घाट गांव की घटना, पथराव में डायल 112 पुलिस की गाड़ी हुई क्षतिग्रस्त
महुआ। रेणु सिंह
थाने के सिंघाड़ा दक्षिणी पंचायत अंतर्गत बावन घाट में पाटीदारों के बीच चली आ रही भूमि विवाद को लेकर गुरुवार को मामला तूल पकड़ लिया। इस बीच पहुंची पुलिस के बीच ही दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गई। जिसमें डायल 112 पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस से भी हाथापाई की सूचना मिली है।
मिली जानकारी के अनुसार उक्त गांव में चचेरे भाइयों के बीच भूमि विवाद चल रहा है। जिसको लेकर बीते 23 जनवरी को पंचायत भी हुई थी। पंचायत में पंचों ने दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता कराते हुए विवाद को सलटाने के लिए पुनः एक महीने का समय लिया था। बताया जा रहा है कि इस बीच दोनों पक्ष पंचायत से मुकरते हुए विवादित भूमि पर अपना-अपना दीवार बनाना शुरू कर दिया। जिस कारण महिलाओं के बीच भी मारपीट हुई। गुरुवार को पुनर्विवाद कायम हुआ। जिस पर डायल 112 की और महुआ थाने की पुलिस पहुंची। पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच पथराव और धक्का मुक्की शुरू हो गई। हालांकि इस पथराव में किसी को घायल होने की सूचना नहीं है। पथराव में कुछ लोगों को हल्की चोटें आई है। एक पक्ष बुजुर्ग स्व गज्जू राय की पत्नी लीला देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में लिखा है कि वह अपनी बेटी अनीता देवी के साथ रहती हैं। उनकी जमीन को पटीदार कब्जा करना चाहते हैं। इसी बीच बीते बुधवार को मां बेटी के साथ मारपीट कर घायल कर दिया गया। जिसमें बेटी अनीता देवी की हालत नाजुक होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उसे हाजीपुर के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। महिला ने लाल बाबू राय सहित 10 लोगों को आरोपित किया है। इधर पुलिस के अनुसार शांति व्यवस्था के लिए गस्ती की जा रही है और स्थिति नियंत्रण में है।
