महुआ हाजीपुर सड़क पर महुआ थाना अंतर्गत बिरना लखनसेन बोतला चौक की घटना, दूध लेकर घर लौट के दौरान हुआ हादसा, घटना से आक्रोशित लोगों ने 3 घंटे तक किया सड़क जाम
महुआ। रेणु सिंह
बालू लदा अनियंत्रित हाईवा पलट जाने से सड़क किनारे दुकान पर खड़े साइकिल सवार की उसमें दबकर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि कई लोग भाग कर जान बचाए। यह घटना बुधवार की पूर्वाह्न करीब 8 बजे महुआ हाजीपुर सड़क पर महुआ थाना अंतर्गत विरना लखनसेन बोतला चौक के पास घटी। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया।
मृतक करीब 52 वर्षीय अखिलेश सिंह सराय थाने के फतेहपुर फुलवरिया पंचायत अंतर्गत फतेहपुर गांव के रहने वाले थे। यह घटना तब घटी जब वे रोज की तरह दूध लेकर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी बीच उक्त चौक पर सड़क किनारे दुकान पर कुछ सामान खरीदने के लिए रुके। जहां हाजीपुर की ओर से महुआ की तरफ जा रहे बालू लदा हाईवा के चालक ने संतुलन खो दिया और गाड़ी सड़क किनारे दुकान के पास पलट गई। जिसमें अधेड़ अखिलेश सिंह की दबकर मौत हो गई। वहीं दुकान पर खड़े दो अन्य साइकिल छोड़ कर भागे। जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि चोट लगने से दुकानदार घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए लोगों ने अस्पताल भेजा। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को मिली और वह दौड़े दौड़े घटनास्थल पहुंचे। इधर बालू लदा हाईवा पलट जाने के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। क्रेन मंगाकर हाईवा को हटाया गया। उसके बाद गाड़ी के अंदर दबे अधेड का शव निकाला गया। शव निकलते ही मृतक के परिजन विलाप करने लगे।
तीन घंटे से भी अधिक देर तक सड़क जाम होने से परेशान हुए राहगीर:
घटना के बाद आक्रोशित लोग सड़क पर उतर आए और तपती धूप में उमस के गर्मी के बीच टायर जलाकर मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। इधर सूचना पर महुआ थाना के अलावे सराय, काजीपुर, राजापाकर आदि थाने की पुलिस भी पहुंची और लोगों को समझाकर करीब 2 घंटे बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर भेजने लगी। इसी बीच कुछ लोग मौके पर मुआवजा दिलाने की मांग करने लगे। जिससे स्थिति फिर बिगड़ गई और बांस बल्ले को एक बार फिर रखकर सड़क को अवरुद्ध कर दिया। बाद में महुआ एसडीपीओ सुरभ सुमन भी पहुंची। उन्होंने भी आक्रोशित लोगों को लंबे समय करीब 1 घंटे तक समझाने के बाद कामयाब हुई। उन्होंने वहां के मुखिया से कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत 3 हजार दिलाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद दिन के 11:15 बजे लोग सड़क से हटे और गाड़ियों की आवाजाही शुरू हुई। इधर सड़क जाम में यात्री गाड़ियों पर राहगीर तपती धूप और भीषण गर्मी में भूख प्यास से परेशान रहे। खासकर दूरदराज की बस फंसे होने के कारण राहगीर को काफी दिक्कतें आई। इधर पुलिस ने हाईवा को जप्त कर लिया है। घटना के बाद चालक खलासी निकल भागा।