वैशाली में भव्य रूप से मनाया जा रहा बिहार दिवस, जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में आयोजित हुए विविध कार्यक्रम
वैशाली में भव्य रूप से मनाया जा रहा बिहार दिवस, जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में आयोजित हुए विविध कार्यक्रम
रिपोर्ट:चंद्रकांत पाठक, वैशाली
हाजीपुर, वैशाली: बिहार दिवस के शुभ अवसर पर 22 मार्च 2026 को वैशाली जिला में भव्य एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के नेतृत्व में पूरे जिले में बिहार दिवस को उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा अक्षयवट राय स्टेडियम, हाजीपुर से प्रभात फेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रभात फेरी अक्षयवट राय स्टेडियम से जी.ए. इंटर विद्यालय तक निकाली गई, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, स्काउट-गाइड के बच्चों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभात फेरी के माध्यम से बिहार के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति एवं विकास संदेश को जन-जन तक पहुँचाया गया।
इसके उपरांत जी.ए. इंटर विद्यालय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम स्थल पर शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का जिला पदाधिकारी द्वारा अवलोकन एवं निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने बिहार के गौरवशाली इतिहास एवं वैशाली की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वैशाली की धरती भगवान बुद्ध एवं भगवान महावीर की कर्मस्थली रही है, जो इसे ज्ञान, लोकतंत्र और संस्कृति की पवित्र भूमि बनाती है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग परिश्रमी, कर्मठ एवं समर्पित हैं और इसी भावना के साथ राज्य निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करें तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना सुनिश्चित करें और “प्राउड बिहारी” के रूप में राज्य के विकास में योगदान दें।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि बिहार दिवस के अवसर पर 22 से 24 मार्च तक जिले में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएँ, प्रदर्शनी एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। “उज्ज्वल बिहार, उन्नत बिहार” थीम के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए हैं तथा जीविका एवं सुधा डेयरी के सहयोग से फूड कोर्ट की भी व्यवस्था की गई है।
जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में पूरे वैशाली जिला में बिहार दिवस को उल्लास, गरिमा एवं भव्यता के साथ मनाया जा रहा है तथा जिला प्रशासन द्वारा इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण, पदाधिकारीगण एवं आमजन की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
