प्रतापटांड पंचायत में बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए बाल संरक्षण समिति का गठन
प्रतापटांड पंचायत में बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए बाल संरक्षण समिति का गठन
वैशाली जिले के भगवानपुर प्रखंड के जी ए उच्च विद्यालय प्रतापटांड में बाल अधिकारों के संरक्षण और बच्चों को सुरक्षित परिवेश प्रदान करने के उद्देश्य से सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी। इस बैठक में ग्राम पंचायत स्तरीय बाल संरक्षण समिति का विधिवत गठन किया गया। कार्यक्रम स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान के तत्वावधान में जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के सहयोग से संपन्न हुआ।
बैठक की अध्यक्षता स्थानीय मुखिया राजेश कुमार उर्फ़ पिंकू पांडेय ने की, जबकि संचालन अधिकार मित्र संतोष कुमार ने किया। आगत अतिथियों का स्वागत विद्यालय के प्रधानाचार्य जय प्रकाश ने किया।इस दौरान जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन कार्यक्रम के निदेशक और संस्थान के सचिव डॉ सुधीर कुमार शुक्ला ने बताया कि समिति गठन का प्राथमिक उद्देश्य बाल विवाह,बाल श्रम,शोषण और शिक्षा से वंचित बच्चों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। मुखिया को समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि अन्य सदस्यों में पंचायत सचिव, वार्ड सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता,आशा वर्कर, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रतिनिधि और दो बाल प्रतिनिधि शामिल हैं। स्थानीय मुखिया और समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष पिंकू पांडे ने कहा, “बच्चे देश का भविष्य हैं। यह समिति न केवल उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि उनकी समस्याओं को सुनने के लिए एक समर्पित मंच के रूप में भी कार्य करेगी। प्रधानाचार्य जय प्रकाश ने कहा की समिति के गठन से ग्रामीण बच्चों के संरक्षण और उनके अधिकारों की सुरक्षा में मजबूत कदम उठाने की दिशा में प्रयास और तेज होंगे। कार्यक्रम में सामुदायिक कार्यकर्ता संतोष कुमार, विधिक सेवक चंद्रशेखर कुमार ने बाल अधिकारों और उनके संरक्षण से संबंधित जानकारी दी।बैठक में वार्ड सदस्य उमेश पाण्डेय, आंगनवाड़ी सेविका अर्चना, आशा वर्कर, शिक्षक जय प्रकाश, प्रवीण कुमार, डॉली गुप्ता, रूबी कुमारी, गोपालजी श्रीवास्तव, स्वाति प्रिया, साक्षी कुमारी,प्राजवी सिंह, दिलभाग कुमार,अंशिका, शीलू सहित बड़ी संख्या में छात्र/छात्राएं उपस्थित थे।
