सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर के खिलाफ जिले में चल रहा “महा अभियान”
सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर के खिलाफ जिले में चल रहा “महा अभियान”

मुजफ्फरपुर। सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर के खिलाफ चल रहे “महा अभियान” के तहत मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार को भी गार्डासिल टीकाकरण अभियान उत्साह के साथ जारी है। जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी द्वारा आज एक समीक्षा बैठक की गई, जिसमें यह निर्णय लिया गया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जिले के जितनी भी 14 से 15 वर्ष की किशोरियाँ हैं, उन्हें गार्डासिल का सुरक्षात्मक इंजेक्शन दिलाने के लिए दैनिक आधार पर पूरी कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा विभाग की सक्रिय भूमिका:
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिया कि प्रखंडस्तर पर प्रतिदिन 5 विद्यालयों में विशेष गार्डासिल टीकाकरण शिविर लगाए जाएँ, जहाँ स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं कर्मी आकर बच्चियों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे, उन्हें अन्य बीमारियों से बचाव के लिए सलाह देंगे और साथ ही सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु गार्डासिल का इंजेक्शन भी लगा या जाएगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी किया गया है कि वे समय पर बच्चियों को विद्यालय में बुलाकर टीकाकरण का लाभ सुनिश्चित करें।
जीविका, आशा और जन भागीदारी:
इस अभियान में जीविका दीदियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। जीविका दीदियाँ आशा कार्यकर्ताओं एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं के साथ–साथ गाँव में घर‑घर जाकर लोगों को सर्वाइकल कैंसर जैसी भयावह बीमारी के बारे में जागरूक कर रही हैं और बच्चियों को टीकाकरण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। इसके साथ‑साथ ये बच्चियों को हेल्थ वेलनेस सेंटर या अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लाने का भी प्रयास कर रही हैं।
जिलाधिकारी की पहल एवं अभियान की सफलता:
जिलाधिकारी द्वारा इस अभियान का निरंतर अनुसरण एवं अनुगमन किया जा रहा है और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिले की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करते हुए समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी के निर्देशों के फलस्वरूप मुजफ्फरपुर निरंतर दैनिक आधार पर बिहार में सर्वाइकल कैंसर के गार्डासिल टीकाकरण अभियान में विगत दो दिनों से प्रथम स्थान पर बना हुआ है, जिस पर जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों की प्रशंसा की है और उन्हें इस कार्यक्रम में पूरी लगन से सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुजफ्फरपुर की हर बेटी को इस सुरक्षात्मक टीके का पूर्ण लाभ मिल सके और सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाई जा सके।
जिलाधिकारी की यह परिकल्पना है कि मुजफ्फरपुर की हर किशोरी स्वस्थ एवं सुरक्षित रहे साथ ही साथ जिले की समृद्धि में अपनी भागीदारी निभाए।
