सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ महाअभियान: टीकाकरण में कांटी और बरुराज अव्वल
सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ महाअभियान: टीकाकरण में कांटी और बरुराज अव्वल

मुजफ्फरपुर। जिले में महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए चलाया जा रहा एचपीवी गार्डासिल टीकाकरण अभियान अब रफ्तार पकड़ चुका है। स्वास्थ्य विभाग युद्धस्तर पर किशोरियों को सुरक्षा कवच प्रदान कर रहा है।
जिला स्वास्थ्य समिति के कुशल प्रबंधन और स्वास्थ्यकर्मियों की मेहनत से मुजफ्फरपुर ने टीकाकरण में नई उपलब्धि हासिल की है।
टीकाकरण में कांटी-बरुराज आगे:
सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि 18 अप्रैल 2026 तक कांटी प्रखंड ने एक दिन में 147 किशोरियों का टीकाकरण कर बाजी मारी है। बरुराज मोतीपुर में 115, सरैया में 104 और कटरा में 102 किशोरियों को टीका लगाया गया। साहेबगंज, बंदरा और पारू ने भी 100 का आंकड़ा छू लिया। जिले में अब तक कुल 2830 किशोरियों का टीकाकरण पूरा हो चुका है।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक रेहान अशरफ ने कहा कि हमारा लक्ष्य जिले की हर पात्र किशोरी को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा देना है। यू-विन पोर्टल पर डेटा नियमित अपडेट हो रहा है। प्रत्येक प्रखंड को रोज 200 टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया है। स्वास्थ्य मेलों के जरिए जागरूकता भी फैलाई जा रही है।
जनप्रतिनिधि भी जुटे अभियान में:
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. संजीव पांडे ने बताया कि अभियान को जन-आंदोलन बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में वीडियो क्लिप्स और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। जिला व प्रखंड स्तर के अधिकारी हर घंटे मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उम्मीद है कि टीम भावना से मुजफ्फरपुर जल्द शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लेगा।
