डकैती कांड में एसपी की कड़ी कार्रवाई: लापरवाही पर दो पुलिस अधिकारी निलंबित, SIT गठित
डकैती कांड में एसपी की कड़ी कार्रवाई: लापरवाही पर दो पुलिस अधिकारी निलंबित, SIT गठित
रिपोर्ट: सुधीर मालाकार
हाजीपुर (वैशाली)
जिले के महनार थाना क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी के घर हुई डकैती की गंभीर वारदात को लेकर पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। कर्तव्य में लापरवाही बरतने पर दो पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
*निलंबित अधिकारी*
1. *सुक्लेश कुमार* – दरोगा, डायल 112 में प्रतिनियुक्त
2. *उदय कुमार सिंह* – अपर थानाध्यक्ष, महनार थाना
दोनों पर घटना के प्रति अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाने और कर्तव्य में लापरवाही का आरोप है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
*SIT गठित, छापेमारी तेज*
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने महनार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। यह टीम डकैती कांड की गहन जांच कर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार छापेमारी और तकनीकी अनुसंधान में जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखने के लिए पुलिस बल को सतर्क और सक्रिय रहने को कहा गया है।
