अक्षय तृतीया पर हाजीपुर के मंदिरों में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियानE
अक्षय तृतीया पर हाजीपुर के मंदिरों में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान
हाजीपुर वैशाली, 17 अप्रैल 2026: अक्षय तृतीया और विवाह के सीजन को देखते हुए रविवार को बाल विवाह की रोकथाम के लिए जिले के विभिन्न मंदिरों में धर्मगुरुओं के बीच विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
➤ आयोजन किसने किया: यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार वैशाली, स्व. कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान और जिला प्रशासन वैशाली के संयुक्त तत्वावधान में जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के सहयोग से आयोजित हुआ।
➤ धर्मगुरुओं की भूमिका: स्व. कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान के सचिव और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के निदेशक डॉ. सुधीर कुमार शुक्ला ने कहा, “कोई भी बाल विवाह पंडित, मौलवी या पादरी जैसे पुरोहित के बिना संपन्न नहीं हो सकता। इसलिए हमने उन्हें बाल विवाह के खिलाफ इस अभियान से जोड़ने का फैसला किया है।” सभी धर्मगुरुओं ने अभियान की सराहना करते हुए समर्थन दिया।
➤ कानून की जानकारी: बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 के तहत बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है। इसमें किसी भी रूप में शामिल होने या सेवा देने पर दो साल की सजा और जुर्माना या दोनों हो सकता है। बाराती, लड़की पक्ष के लोग, कैटरर, डेकोरेटर, हलवाई, माली, बैंड बाजा वाले और मैरिज हॉल के मालिक भी अपराध में संलिप्त माने जाएंगे।
➤ मिशन 2030: डॉ. शुक्ला ने बताया कि जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह एवं अवर न्यायाधीश सह सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार रितु कुमार के विशेष निर्देशन में संपूर्ण वैशाली जिले में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। उद्देश्य 2030 तक भारत को बाल विवाह मुक्त बनाना है। जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के सहयोग से देश के 250 से अधिक संस्थाओं के माध्यम से 450 जिलों में अभियान चल रहा है।
➤ शपथ और हेल्पलाइन: अधिकार मित्र संतोष कुमार ने धर्मगुरुओं से मंदिर में बाल विवाह नहीं कराने की शपथ दिलाई। साथ ही बाल विवाह की किसी भी सूचना के लिए जेआरसी हेल्पलाइन 1800-102-7222, नालसा 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और डायल 112 पर संपर्क करने की अपील की गई।
➤ कहां चला अभियान: हाजीपुर शहर के पातालेश्वर मंदिर, काली मंदिर कोनहारा घाट, दुर्गा मंदिर कोनहारा घाट, शनिचरा मंदिर कोनहारा घाट, राजेंद्र चौक, गांधी चौक, अनवरपुर चौक समेत कई मंदिरों में जन जागरूकता अभियान चलाया गया और कड़ी निगरानी रखी गई।
➤ उपस्थित लोग: कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता संध्या सिन्हा, संस्थान के संजीव कुमार, पीएलवी मुकेश कुमार, विनोद रजक, धर्मगुरु अमीर तिवारी, प्रशांत तिवारी, नीरज तिवारी, रामसागर पाण्डेय, राजा तिवारी सहित कई श्रद्धालु मौजूद थे।

