जलालपुर गंगटी में लाखों की चोरी, जेवर और नगदी लेकर फरार हुए चोर, ग्रामीणों में आक्रोश*
*जलालपुर गंगटी में लाखों की चोरी, जेवर और नगदी लेकर फरार हुए चोर, ग्रामीणों में आक्रोश*
_रिपोर्ट: सुधीर मालाकार_
महुआ (वैशाली)
महुआ प्रखंड के जलालपुर गंगटी पंचायत में देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर से लाखों रुपये के जेवर और नकदी चुरा लिए। घटना वीरेंद्र राम के आवास पर हुई, जब परिवार के कुछ सदस्य एक शादी समारोह में गए हुए थे।
*दरवाजा बाहर से बंद कर दिया वारदात*
जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र राम अपने परिवार के साथ रात करीब 7 बजे एक रिश्तेदार की शादी में गए थे। घर पर उनके बड़े भाई, भाभी और उनकी बेटी मौजूद थे। रात में सभी के सो जाने के बाद अज्ञात चोरों ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सामान तितर-बितर कर दिया।
*50 हजार नकद, सोना-चांदी ले गए चोर*
चोर घर में रखी पेटी से नाक-कान के कीमती जेवर, 50,000 रुपये नकद, 10 भरी चांदी की पायल और 10 ग्राम सोने का सामान लेकर फरार हो गए। सुबह जब घर के लोग जागे और सामान बिखरा देखा, तब चोरी का पता चला।
*पुलिस गश्त पर उठे सवाल*
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और पीड़ित के आवास पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पुलिस गश्त में ढिलाई के कारण ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। पीड़ित परिवार ने तत्काल महुआ थाने को सूचना दी। ग्रामीणों का कहना है कि सूचना के काफी देर बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में काफी आक्रोश है।
पीड़ित के आवास पर पहुंचे मुखिया अमोद राय, समाजसेवी अनुज देवराज, किशुल कुमार, पूर्व मुखिया वैधनाथ चंद्रवंशी और अमरजीत जयसवाल सहित अन्य स्थानीय नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मामले की जल्द जांच कर चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
