May 12, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

जीजस एंड मेरी एकैडमी बना योग का सरताज

जीजस एंड मेरी एकैडमी बना योग का सरताज

आईसीएसई बोर्ड की राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता में मेजबान स्कूल ने लहराया परचम

पटना सिटी: पटना सिटी के लिए गौरव का दिन। जीजस एंड मेरी एकैडमी को आईसीएसई बोर्ड द्वारा बिहार राज्य स्तरीय अंतरविद्यालयी योग प्रतियोगिता के जोनल आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला। ट्रेडिशनल योगा में मेजबान स्कूल ने सभी वर्गों में पहला स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया।

अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में छात्र-छात्राओं के बीच आर्टिस्टिक, ट्रेडिशनल, आर्टिस्टिक पेयर और रिदमिक पेयर श्रेणियों में मुकाबले हुए। बिहार के नामी स्कूलों के प्रतिभागियों ने योग की कठिन मुद्राओं से सबका मन मोह लिया। 

दीप प्रज्ज्वलन से हुआ आगाज
विद्यालय के निदेशक एम्ब्रोस पैट्रिक, उपनिदेशक अभिषेक पैट्रिक, प्राचार्या पूजा एन शर्मा और निर्णायक मंडल ने दीप जलाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।

निर्णायक की भूमिका में बिहार योग संघ के कोषाध्यक्ष धर्मनाथ सिंह और संयुक्त सचिव कुमारी संगीता मौजूद रहे। दोनों राष्ट्रीय निर्णायक और पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी हैं।

जीजस एंड मेरी का दबदबा
ट्रेडिशनल योगा में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक-बालिका सभी वर्गों में जीजस एंड मेरी एकैडमी प्रथम रहा। आर्टिस्टिक योगा सिंगल में अंडर-14 बालक-बालिका और अंडर-17 बालक वर्ग में भी स्कूल ने पहला स्थान पाया।

आर्टिस्टिक पेयर और रिदमिक पेयर में भी अंडर-19 वर्ग में मेजबान स्कूल ने बाजी मारी। डॉन बॉस्को एकैडमी दीघा और सेंट एमजी पब्लिक स्कूल मीठापुर ने भी कई वर्गों में दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।

प्राचार्या ने बढ़ाया हौसला
प्राचार्या पूजा एन शर्मा और उपनिदेशक अभिषेक पैट्रिक ने विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह जीत बच्चों की मेहनत, प्रशिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का नतीजा है।

विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रमाण पत्र वितरण के साथ प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ।

 

रिपोर्ट: नसीम रब्बानी
पटना बिहार 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.