May 23, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

ट्रैक्टर के चपेट में आकर गैस सिलेंडर लाने जा रहे बाइक सवार अधेड़ की मौत

ट्रैक्टर के चपेट में आकर गैस सिलेंडर लाने जा रहे बाइक सवार अधेड़ की मौत
महुआ। रेणु सिंह

ट्रैक्टर की चपेट में आने से एलपीजी गैस सिलेंडर लेकर महुआ जा रहे बाइक सवार पिता की मौत हो गई। वही पुत्र घायल हो गया। यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार की दोपहर महुआ के पहाड़पुर से मुर्गियाचक होकर भगवानपुर जाने वाली सड़क पर पहाड़पुर पेठिया के पास घटी। इस बीच ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक और उसपर सवार एक मजदूर को कब्जे में ले लेकर जमकर धुनाई की।
मृतक करीब 55 वर्षीय बैद्यनाथ उर्फ बैजू पंडित महुआ थाना के ही फतेहपुर पकड़ी पंचायत के चांदसराय वार्ड संख्या 09 का रहने वाला था। बताया गया कि बैजू पंडित अपने घर से पुत्र 25 वर्षीय हरिकांत पंडित के साथ गैस सिलेंडर लेकर बाइक से महुआ के लिए चला था। इस बीच वह जैसे ही पहाड़पुर पेठिया के पास पहुंचा था कि सामने से आ रहे नाबालिग ट्रैक्टर चालक ने संतुलन खोते हुए उसे चपेट में ले लिया। जहां बैजू पंडित की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं घायल पुत्र को लोगों ने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
शव को 4 किलोमीटर दूर मंगरू चौक लाकर मुख्य मार्ग को किया जाम:
घटना के बाद लोगों ने चालक और उसपर सवार एक मजदूर को कब्जे में ले लिया। सूचना पर पुलिस पहुंची और बंधक बने चालक व मजदूर को कब्जे में लेकर थाने ले गई। इधर आक्रोशित लोग शव को उठाकर 4 किलोमीटर दूर महुआ मंगरू चौक पहुंचकर महुआ हाजीपुर मुख्य मार्ग के साथ गुरु चौक और इमादपुर जाने वाली सड़क को जाम कर दिया। लंबे समय तक जाम रखने के बाद कांग्रेस शहरी के जिला अध्यक्ष संजय मिश्रा, पहाड़पुर के मुखिया संजीत कुमार, पकड़ी के राकेश कुमार, पूर्व उपप्रमुख सत्येंद्र कुमार राय आदि पहुंचे और लोगों को समझाया बुझाया। पुलिस द्वारा ट्रैक्टर चालक पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। उसके बाद पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर भेज दिया।
मजदूरी कर घर परिवार चलाता था बैजू:
मृतक बैजू पंडित मजदूरी कर घर परिवार चलता था। पत्नी किस्मत देवी, दो पुत्र चंद्रकांत और हरिकांत भी मजदूरी करते हैं। इस घटना से परिवार पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव से काफी संख्या में महिलाएं और पुरुष घटनास्थल पर पहुंचे। सभी लोग घटना से गमगीन थे। ग्रामीणों ने भी बताया कि घटना काफी दुखद है। एक परिवार का सहारा टूट गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.