April 17, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

राजेंद्र नगर टर्मिनल और नई दिल्ली के मध्य तेजस रेकयुक्त राजधानी एक्सप्रेस स्पेशल का परिचालन आज से शुरू /nrindianews.com

 

राजेंद्र नगर टर्मिनल और नई दिल्ली के मध्य तेजस रेकयुक्त राजधानी एक्सप्रेस स्पेशल का परिचालन आज से शुरू /nrindianews.com

हाजीपुर: 01.09.2021

राजेंद्र नगर टर्मिनल और नई दिल्ली के मध्य आज दिनांक 01.09.2021 से तेजस रेकयुक्त राजधानी एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन का परिचालन प्रारंभ हो गया । पंडित दीन दयाल उपाध्याय जं., प्रयागराज जं., कानपुर सेंट्रल के रास्ते चलायी जाने वाली तेजस रेकयुक्त राजधानी एक्सप्रेस स्पेशल के परिचालन से यात्रियों को सुखद यात्रा अनुभूति होगी ।

पूर्व मध्य रेल की सबसे प्रतिष्ठित और प्रीमियम ट्रेनों में से एक 02309/02310 राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली-राजेंद्र नगर टर्मिनल राजधानी स्पेशल एक्सप्रेस के मौजूदा रेक को नए तेजस प्रकार के स्लीपर कोच से बदला गया है । तेजस कोचयुक्त ट्रेन में यात्री सुरक्षा को बढ़ाने के लिए विशेष स्मार्ट फीचर्स लगाए गए हैं । स्मार्ट कोच का उद्देश्य इंटेलिजेंट सेंसर-आधारित सिस्टम की मदद से यात्रियों को विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करना है । यह जीएसएम नेटवर्क कनेक्टिविटी के साथ प्रदान की गई यात्री सूचना और कोच कंप्यूटिंग यूनिट (पीआईसीसीयू) से लैस है, जो रिमोट सर्वर को रिपोर्ट करता है।

यह तेजस रेक ऑटोमेटिक प्लग इनडोर प्रणाली के तहत् सभी प्रवेश द्वार केंद्रीकृत रूप से नियंत्रित होगा तथा सभी प्रवेश द्वार के बंद होने तक ट्रेन नहीं चलेगी। यात्री सुरक्षा एवं संरक्षा के दृष्टिकोण से यह काफी महत्वपूर्ण है । सीसीटीवी कैमरा युक्त इस तेजस रेक के प्रत्येक कोच में यात्रियों को यात्रा संबंधी महत्वपूर्ण सूचनाएं जैसे अगला स्टेशन, शेष दूरी, आगमन/प्रस्थान का अपेक्षित समय, विलंब और सुरक्षा संबंधी संदेश के प्रदर्शन के लिए प्रत्येक कोच के अंदर 02 एलसीडी डिस्प्ले लगाए गए हैं । आकर्षक आंतरिक बनावट करते हुए ऐसा बर्थ का प्रावधान किया गया है जिससे यात्रियों को आरामदायक यात्रा का अनुभव प्राप्त हो । सभी कोचों में पर्दे की जगह रोलर ब्लाइंड लगाए गए हैं जो साफ-सफाई को आसान बनाते हैं । प्रत्येक कंपार्टमेंट में डस्टबीन उपलब्ध रहेंगे जिससे कोचों में स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी ।

वातानुकूलित द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी के कोचों में साईड लोअर बर्थ की बनावट में बदलाव लाते हुए उसे सिंगल पीस बेड का रूप दिया गया है साथ ही ऊपर की बर्थ पर जाने के लिए सुविधाजनक व्यवस्था की गई है। सभी यात्री के लिए मोबाइल चार्जिंग पॉइंट दिया गया है। इन कोचों को आरामदायक बनाने और बेहतर यात्रा अनुभव के लिए बोगियों में एयर स्प्रिंग सस्पेंशन दिया गया है। सभी कोचों में ऑटोमेटिक फायर अलार्म और डिटेक्शन सिस्टम लगाए गए हैं तथा ऐसी व्यवस्था की गई है कि आग लगने की स्थिति में ऑटोमेटिक ब्रेक लग जाएगा । इसी तरह संरक्षा में और सुधार के लिए नए वायरिंग के साथ व्हील स्लाईड प्रोटेक्शन डिवाईस लगाए गए हैं ।

सभी कोचों में बायो-वैक्यूम टॉयलेट लगाए गए हैं जो अच्छी फ्लशिंग के कारण शौचालय में बेहतर साफ-सफाई बनाए रखने में मदद पहुंचाता है । साथ ही इससे पानी की भी बचत होती है । शौचालय दुर्गंध नियंत्रण प्रणाली से युक्त है । छोटे बच्चे के साथ सफर कर रही महिला यात्रियों की सुविधा के लिए शौचालय में शिशु देखभाल हेतु ‘‘Infant care seat‘‘ का प्रावधान किया गया है।

इस तेजस रेक युक्त राजधानी स्पेशल ट्रेन में वातानुकूलित प्रथम श्रेणी के 02, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के 05, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 11, पैंट्रीकार के 01 तथा पावर कार के 02 कोच सहित कुल 21 कोच लगेंगे।

(राजेश कुमार)
मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.