पातेपुर के तीसीऔता हाई स्कूल मैदान में खेले जा रहे तीसीऔता प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच समस्तीपुर और महुआ के बीच खेला गया। फाइनल मैच में समस्तीपुर की टीम ने महुआ की टीम को 59 रन से हराकर कप पर कब्जा जमा लिया।
मैच में समस्तीपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में अपने छह विकेट खोकर कुल172 रन बनाई। इसके जबाब में खेलते हुए महुआ की टीम ने 18 ओवर में मात्र 113 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। खेल के शुरुआती दौर में मुकाबला बड़ा ही रोचक रहा। परंतु महुआ टीम के विकेट गिरने के साथ ही समस्तीपुर की टीम ने जीत हासिल कर कप पर कब्जा जमा लिया। समस्तीपुर टीम के खिलाड़ी प्रकाश द्वारा चार विकेट झटकने पर मैन ऑफ द मैच का खिताब उसे दिया गया। मैच समाप्ति पर मौके पर मौजूद स्थानीय विधायक लखेन्द्र कुमार रौशन उर्फ लखेंदर पासवान, तथा दिक्षा गुरुप के प्रबंध निदेशक टूर्नामेंट के आयोजक अमित कुमार सिंह उर्फ मिंटू सिंह द्वारा संयुक्त रूप से विजेता टीम के कप्तान को कप देकर सम्मानित किया गया ।