*श्री अनुपम शर्मा, महाप्रबंधक, पूर्व मध्य रेल ने किया दानापुर मंडल का वार्षिक निरीक्षण*
*श्री अनुपम शर्मा, महाप्रबंधक, पूर्व मध्य रेल ने किया दानापुर मंडल का वार्षिक निरीक्षण*

नसीम रब्बानी / सनोवर खान
हाजीपुर:श्री अनुपम शर्मा, महाप्रबंधक, पूर्व मध्य रेल द्वारा आज दिनांक 04.03.2022 को दानापुर मण्डल के वार्षिक निरीक्षण के दौरान झाझा-किउल एवं किउल-मानपुर के मध्य स्थित छोटे-बड़े स्टेशनों, रेल पुलों, रेलवे ट्रैक, समपार फाटक, स्टेशन परिसर, प्रतीक्षालय एवं रेलवे कॉलोनी आदि का गहन निरीक्षण किया गया एवं साफ सफाई का जायजा लिया गया । निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक ने उच्चाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया ।
पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री अनुपम शर्मा मुख्यालय के विभागाध्यक्षों एवं दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री प्रभात कुमार सहित अन्य उच्चाधिकारियों के साथ सर्वप्रथम झाझा स्टेशन पहुंचे जहां उन्होंने क्रू-लॉबी, नवनिर्मित रिटायरिंग रूम, डोरमेट्री, प्रथम श्रेणी प्रतीक्षालय हॉल एवं मेमू कार शेड का जायजा लिया । इसके साथ ही महाप्रबंधक महोदय द्वारा ऑन लाईन इलेक्ट्रीकल कम्पलेन रेड्रसल एप्लीकेशन – ‘विद्युत मित्र‘ का शुभारंभ भी किया गया । इसके उपरांत महाप्रबंधक महोदय द्वारा झाझा एवं दादपुर के मध्य स्थित वृहत पुल संख्या 717 का गहन निरीक्षण किया गया ।
निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक जमुई स्टेशन पहुंचे जहां उन्होंने यात्री सुविधा, साफ-सफाई आदि का जायजा लिया तथा गैंग हट, गुड्स शेड, प्वाइंट एंड क्रासिंग नं. 54 बी का भी निरीक्षण किया । इसके उपरांत महाप्रबंधक महोदय द्वारा बंशीपुर और किउल के मध्य स्थित कर्व संख्या-01/अप का भी निरीक्षण किया गया ।
निरीक्षण के अगले चरण में महाप्रबंधक श्री अनुपम शर्मा किउल स्टेशन पहुंचे । किउल स्टेशन पर महाप्रबंधक महोदय द्वारा नवनिर्मित रनिंग रूम, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग एवं कॉलोनी का निरीक्षण किया गया । महाप्रबंधक महोदय द्वारा सिगनल विभाग से जुड़े ‘रिमोट डायग्नोस्टिक एंड प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस सिस्टम‘ का शुभारंभ किया गया । साथ ही महाप्रबंधक महोदय द्वारा किउल स्टेशन पर सिगनल एवं दूरसंचार विभाग द्वारा लगाये गये सिगनल एवं दूरसंचार मेंटेनेंस टूल्स की प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं सिगनल एवं दूरसंचार विभाग से जुड़े मेंटेनेंस बुक का भी विमोचन किया गया।
इसके उपरांत महाप्रबंधक महोदय द्वारा शेखपुरा स्टेशन का निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान शेखपुरा स्टेशन पर मंडल सांस्कृतिक संघ,दानापुर द्वारा यात्रियों को संरक्षा एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक नुक्कड़ नाटक ‘जान है तो जहान है‘ का मंचन भी किया जिसे महाप्रबंधक महोदय सहित सभी उच्चाधिकारियों द्वारा सराहा भी गया ।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक महोदय वारसलिगंज और नवादा स्टेशनों के बीच स्थित कर्व संख्या-7, लघु पुल संख्या 154 एवं समपार संख्या 28 ए/ई का गहन निरीक्षण किया । महाप्रबंधक महोदय समपार संख्या 28ए/ई पर कार्यरत गैंग संख्या 10 के सदस्यो से संरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलूओं के संबंध में पूछताछ की तथा संरक्षा के प्रति उनकी कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए उनके उत्साहवर्द्धन हेतु गैंग के सभी सदस्यों को पुरस्कृत किया । तत्पश्चात महाप्रबंधक महोदय द्वारा नवादा एवं वजीरगंज स्टेशन तथा तिलैया और वजीरगंज के मध्य स्थित पुल संख्या 269 का निरीक्षण किया गया ।
वजीरगंज स्टेशन पर वजीरगंज के माननीय विधायक श्री बीरेन्द्र सिंह ने महाप्रबंधक से मुलाकत कर यात्री सुविधा के विकास पर चर्चा की एवं सुझाव दिये। निरीक्षण के दौरान कई स्टेशनों पर भी जनप्रतिनिधियों एवं पैसेंजर एसोसियनों ने भी महाप्रबंधक से मुलाकात कर जन-आकांक्षाओं से जुड़े मुद्दे पर आधारित मांग पत्र सौंपा ।
