April 17, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी सम्मानित

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी सम्मानित

– परिवार कल्याण कार्यक्रम अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2021-22 में उत्कृष्ट कार्य के लिए स्वास्थ्यकर्मियों को मिला सम्मान

हाजीपुर, 23 मार्च।
परिवार कल्याण कार्यक्रम अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2021-22 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के चिकित्सक, एएनएम, आशा तथा अन्य कर्मियों को पुरस्कृत किया गया। राम वाटिका उत्सव हॉल मरई रोड में आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ अखिलेश कुमार मोहन ने चिकित्सकों और कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन ने परिवार नियोजन कार्यक्रम में अच्छा काम करने वाले डाक्टरों, नर्सों तथा आशा कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि परिवार नियोजन कार्यक्रम आपकी मदद और सहयोग से सफल हो रहा है। पुरस्कार समारोह में एसीएमओ अमिताभ सिन्हा, डिस्ट्रिक्ट सुपरीटेंडेंट एसके वर्मा, डीसीएम निभा रानी सिन्हा, एमएनई चंद्रशेखर, डीडीए सूचित कुमार, केयर डीटीएल सुमित कुमार उपस्थित रहे।

सदर और अनुमंडल अस्पताल को मिला पुरस्कार-
परिवार कल्याण कार्यक्रम अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले डॉ चंदन कुमार, डॉ विनीता, डॉ ज्योति इत्यादि को पुरस्कृत किया गया। वहीं की प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सदर अस्पताल और अनुमंडल अस्पताल को भी पुरस्कृत किया गया। परिवार नियोजन कार्यक्रम की सफलता में साधनों के उपयोग को बढ़ाने की जरूरत होती है। इसे ध्यान में रखते हुए ही पुरस्कार निर्धारित किये गए थे। पुरुष नसबंदी, महिला नसबंदी, प्रसव उपरांत महिला नसबंदी एवं कॉपर टी के उपयोग बढ़ाने में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया है। इसके अलावा परिवार नियोजन के साधन अंतरा व पीपीआईयूसीडी के इस्तेमाल के लिए लोगों को प्रेरित करने वाली आशाओं को भी सम्मानित किया गया है।

चिकित्सक के साथ आशा-एएनएम की भूमिका महत्वपूर्ण-
इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ अखिलेश कुमार मोहन ने कहा काम करने वालों को सम्मानित करने से एक सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास होता है। ऐसी प्रतिस्पर्धा से स्वास्थ्य के क्षेत्र में समुदाय को फायदा मिलेगा। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों की सराहना करते हुए कहा बेहतर काम और मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार ही इस मिशन को सफल बना रहा है। उन्होंने कहा कि समाज में अभी भी परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता की कमी है। इसके लिए गांव-टोलों में काम करने वाली आशा कार्यकर्ता तथा एएनएम-आशा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.