बैठक में विभिन्न समस्याओं पर हुई चर्चा महुआ में चौकीदार दफादार और कर्मचारी संघ की हुई बैठक में लिए गए कई निर्णय
बैठक में विभिन्न समस्याओं पर हुई चर्चा
महुआ में चौकीदार दफादार और कर्मचारी संघ की हुई बैठक में लिए गए कई निर्णय
महुआ। नवनीत कुमार
महुआ जवाहर चौक स्थित एक भवन में चौकीदार दफादार संघ की बैठक हुई। इस बैठक में विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। यहां यह भी कहा गया कि उनकी लंबित मांगों को अगर शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो वे आंदोलन की राह पर जाएंगे।
संघ के मुंशी गुट के जिला अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद राय की अध्यक्षता में घंटे बैठक चली। जहां चौकीदारों दफादारों ने अपनी समस्याओं को खुल कर रखा। बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित संघ के राज्य अध्यक्ष भरत प्रसाद सिंह, जिला मंत्री विजेंद्र पासवान, संयोजक लालबाबू सिंह, अखिलेश भगत, कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, अनुमंडल मंत्री कैलाश प्रसाद सिंह, उपाध्यक्ष मुकेश कुमार श्रीवास्तव, अनुमंडल अध्यक्ष महमूद आलम आदि ने चौकीदारों दफादारों व कर्मचारियों की समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन से मिलकर बात करने और समस्याओं को हल कराने का निर्णय लिया। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनकी मांगों पर विचार कर समस्या को दूर नहीं किया जाता है तो वे लोग धरना प्रदर्शन के साथ आंदोलन करने के लिए वाध्य होंगे।
बैठक में 10 सूत्री मांग चौकीदार दफादार को सेवा की संपुष्टि, एसीपी के लाभ देने, वीआरएस लेने वाले चौकीदार दफादार के सेवांत लाभ शीघ्र प्रदान करने, रिक्त स्थानों पर चौकीदारों दफादारों की बहाली करने, वर्षों से निलंबित चौकीदारों दावेदारों को निलंबन से मुक्त करने, सरकारी नियमानुसार शैक्षणिक योग्यता धारी चौकीदार दफादार में तृतीय वर्ग में प्रोन्नति देने, भविष्य निधि में जमा राशि के निकासी की प्रक्रिया शुलभ करने, जंदाहा के चौकीदार बाबूलाल पासवान व वीरेंद्र पासवान और बिदुपुर के रामबाबू पासवान आश्रितों को नियुक्ति प्रदान करने, गृह विभाग के आदेश अनुसार ड्यूटी का निर्धारण करने, कर्तव्य ड्यूटी पर उपस्थित के पंजीकरण की व्यवस्था लागू करने आदि मांगों को लेकर जिलाधिकारी से मिलने और समस्याओं का निदान करने पर विचार विमर्श किया गया। कहा कि वे लोग अनुशासन में ड्यूटी को बखूबी निभाते हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं का निदान नहीं किया जाता।
यहां पर चौकीदार दफादार अनुमंडल कमेटी का गठन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से दफादार लालबाबू सिंह को अनुमंडल अध्यक्ष, रामइश्वर पासवान को अनुमंडल मंत्री और श्रवण कुमार को कोषाध्यक्ष बनाया गया। इनके अलावा अन्य लोगों को सदस्य मनोनीत किया गया। बैठक में महुआ अनुमंडल के विभिन्न थानों के चौकीदार दफादार उपस्थित थे।
