महुआ: 202 गर्भवती का हुआ इलाज
202 गर्भवती का हुआ इलाज
महुआ। प्रधानमंत्री मातृत्व लाभ योजना के तहत महुआ में 202 गर्भवतियों की स्वास्थ्य जांच कर उचित सलाह दी गई । यहां पीएचसी पर शिविर में गर्भवतियों की उमड़ी भीड़ से दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
अस्पताल प्रभारी डॉ कमलेश कुमार के निर्देशन में स्वास्थ्य प्रबंधक प्रकाश कुमार, बीसीएम आफताब आलम आदि ने शिविर में सक्रिय भूमिका निभाई। यहां पर गर्भवतियों की भीड़ दिनभर बनी रही। बताया गया कि प्रधानमंत्री मातृत्व लाभ योजना के तहत गर्भवतियों की वजन, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, एचआईवी आदि की जांच की गई। जांच के दौरान उनमें वजन की कमी और शारीरिक दुर्बलता पाई गई। इस अवस्था में पौष्टिक भोजन लेने जो कहा गया। उन्हें बताया गया कि इस समय दूध, फल, हरी सब्जियां, साग, अंडा, मांस, मछली और उचित आहार लें। तेज धूप और गर्मी के कारण स्वास्थ्य जांच कराने आई गर्भवतियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्हें बैठने विश्राम करने की जगह नहीं मिलने के कारण परेशानी हुई
