जिले में चला टीकाकरण का महाअभियान – महाअभियान में विशेष रूप से स्कूली छात्र-छात्राओं को लगा कोविड टीका
जिले में चला टीकाकरण का महाअभियान
– महाअभियान में विशेष रूप से स्कूली छात्र-छात्राओं को लगा कोविड टीका
सीतामढ़ी, 27 जून।
वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के खिलाफ सुरक्षा प्रदान करने के लिए जिला में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अलग-अलग उम्र के लाभार्थियों को कोविड-19 का टीका लगाया जा रहा है। टीकाकरण के लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए विभिन्न स्तर पर प्रयास किया जा रहा है। इसी के तहत सोमवार को जिले में टीकाकरण का महाअभियान चलाया गया। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. एके झा ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के क्रम में संचालित दस्तक अभियान के क्रम में टीका के विभिन्न डोज से वंचित लाभुकों को चिह्नित किया गया था। इसमें 12 से 14 साल आयु वर्ग, 15 से 18 साल आयु वर्ग और प्रीकॉशन डोज से वंचित लाभार्थियों को चिह्नित किया था। महा अभियान चलाकर ऐसे सभी वंचित लाभार्थियों को टीका लगाया गया। महा अभियान के लिए जिले भर में 273 टीका केंद्र बनाए गए थे।
कोविड का सभी डोज लेना बहुत जरूरी-
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. एके झा ने कहा कि महाअभियान की सफलता को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए थे। आशा व एएनएम द्वारा अपने क्षेत्र में टीका की निर्धारित डोज से वंचित लोगों को चिह्नित करते हुए विशेष महाअभियान के तहत उनका टीकाकरण सुनिश्चित किया गया। डॉ. झा ने अपील करते हुए कहा कि सही समय पर कोविड के डोज लेना बहुत जरूरी है। तभी आपका परिवार, समाज सुरक्षित रहेगा। उन्होंने सभी से कोविड टीकाकरण या बूस्टर डोज लेने से बचे हुए लोगों से जल्द से जल्द टीकाकरण कराने की अपील की है। कहा कि जिन्होंने टीका की कोई भी डोज नहीं ली है, वे अपना पहला डोज जरूर लें। पहला डोज प्राप्त कर चुके लोग समय पर दूसरी डोज लें और दूसरा डोज ले चुके लोग ससमय प्रीकॉशनरी डोज अवश्य लें।
स्कूली बच्चों को भी लगी टीका की डोज-
महाअभियान के तहत विशेष रूप से स्कूली छात्र- छात्राओं को कोविड टीका लगाया गया। सोमवार को सभी स्कूल खुले रहे, जहां 12 वर्ष से अधिक उम्र के छात्र-छात्राओं को कोरोना टीके की खुराकें दी गईं। जिन छात्रों ने कोरोना टीका की पहली खुराक नहीं ली हैं, उन्हें भी टीका दिया गया। निजी एवं सरकारी स्कूलों में कोरोना टीकाकरण टीम लगाई गई थी।
