महुआ के सिंघाड़ा हाजमा घाट की घटना किशोर की मौत से परिजनों में मचा कोहराम
महुआ के सिंघाड़ा हाजमा घाट की घटना
किशोर की मौत से परिजनों में मचा कोहराम
महुआ, नवनीत कुमार
स्नान करने के दौरान वाया नदी में डूब जाने से एक किशोर की मौत हो गई। जबकि उसका दो अन्य साथी किसी तरह तैरकर निकल गया। यह घटना सोमवार को महुआ के सिंघाड़ा उतरी पंचायत अंतर्गत हाजमा घाट के पास घटी।
मृतक 12 वर्षीय राजन कुमार महुआ के सिंघाड़ा दक्षिणी पंचायत अंतर्गत मेघपुर सिंघाड़ा वार्ड संख्या 15 निवासी अरुण पासवान का पुत्र था। बताया गया कि राजन हाजमा घाट पर वाया नदी में अपने अन्य दोस्तों के साथ नहाने के लिए गया था। वह नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और निकल नहीं सका। इससे उसकी डूबने से मौत हो गई। उधर उसके दो अन्य साथी भी डूबने लगे लेकिन वह किसी तरह तैर कर निकल गए। इधर किशोर को डूब जाने के बाद हल्ला हुआ और लोग दौड़े। जब तक लोग उसे पानी से निकालते उसकी मौत हो चुकी थी। हालांकि किशोर को नदी से निकालकर आनन-फानन में लोगों द्वारा महुआ पीएचसी लाया गया। जहां उपस्थित चिकित्सक ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। घर परिवार के लोग तो यह समझ नहीं रहे हैं कि यह क्या हो गया। लोगों का यह भी कहना है कि अभी नदी में पानी भी नहीं आई है। इसके पेंदी में ही पानी है। फिर भी उसमें डूबने से किशोर की मौत हो गई।
