लूटी गई पिक अप वैन बरामद बीते 17 सितंबर को महुआ के छतवारा से मछली सहित हुई थी लूट, लुटेरे की खोज में जुटी पुलिस
लूटी गई पिक अप वैन बरामद
बीते 17 सितंबर को महुआ के छतवारा से मछली सहित हुई थी लूट, लुटेरे की खोज में जुटी पुलिस
महुआ, नवनीत कुमार
महुआ में 3 दिन पूर्व मछली सहित लूटी गई पिकअप वैन को पुलिस ने पातेपुर के सिमड़वारा से लावारिस हालत में बरामद कर लिया। यह बरामदगी स्थानीय लोगों द्वारा दी गई सूचना के आधार पर हुई। पुलिस ने पिकप को कब्जे में लेकर थाने ले आई।
मिली जानकारी के अनुसार बीते 17 सितंबर को महुआ ताजपुर मार्ग के छतवारा बाईपास के पास मछली लदी पिक अप को अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर लूट ली थी। इस मामले में पिकअप संचालक द्वारा महुआ थाने को लिखित सूचना दी गई थी। इधर मछली लदी लूटी गई पिकअप को बरामद करने के लिए पुलिस ताबड़तोड़ छापे मार रही थी। हालांकि इस बीच पातेपुर थाने के सिमरवाड़ा में एक लावारिस हालत में पिकअप को देख लोगों ने सूचना पुलिस को दी। इधर सूचना पर महुआ थाने के अवर निरीक्षक आशुतोष शुक्ला और परशुराम सिंह पहुंच कर पिकअप को पहचान कर कब्जे में ले लिया और थाने ले आए। पूछे जाने पर अवर निरीक्षक आशुतोष शुक्ला ने बताया कि 17 सितंबर को अपराधियों ने महुआ थाने के छतवारा बाईपास जाने वाली सड़क के पास से मछली लदी पिकअप को लूट लिया था। इसकी बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही थी। इस बीच लावारिस हालत में खाली पिकअप को बरामद कर लिया गया। लुटेरे की खोज में पुलिस लगी है। लूट की घटना के 72 घंटे बाद पुलिस के द्वारा पिकअप को बरामद तो कर लिया गया लेकिन मछली गायब हो गई।
