बिहार ने भाजपा के राजनैतिक तोड़-फोड़ का करारा जवाब देकर उनके खात्मे की शुरुआत की है: शीला मंडल
कार्यकर्ताओं के दरबार में माननीय मंत्री
प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को ‘‘कार्यकर्ताओं के दरबार में माननीय मंत्री’’ कार्यक्रम में माननीय समाज कल्याण मंत्री श्री मदन सहनी जी एवं माननीय परिवहन मंत्री श्रीमति शीला मंडल हुए सम्मिलित
गृहमंत्री की कोई भी चाल यहाँ कामयाब नहीं होगी: मदन सहनी
बिहार ने भाजपा के राजनैतिक तोड़-फोड़ का करारा जवाब देकर उनके खात्मे की शुरुआत की है: शीला मंडल
22 सितम्बर 2022, पटना
जदयू प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को ‘‘कार्यकर्ताओं के दरबार में माननीय मंत्री’’ कार्यक्रम में माननीय समाज कल्याण मंत्री श्री मदन सहनी जी एवं माननीय परिवहन मंत्री श्रीमति शीला मंडल जी सम्मिलित हुए। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को सुन उनका समाधान किया व संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
‘‘कार्यकत्ताओं के दरबार में माननीय मंत्री’’ कार्यक्रम में आज आईसीडीएस के अंतर्गत चलने वाले बाल विकास परियोजना में पूर्व से कार्यरत प्रखंड परियोजना सहायक भी पूरे बिहार से बड़ी संख्या में आए। इन लोगों की मांग थी कि 29 जून 2019 से कार्यरत सभी सहायक के पद को जो 10 अगस्त 2022 के पत्र द्वारा 31 अगस्त 2022 से समाप्त कर दिया गया है, उसे पुनः कार्यरत रखा जाये। समाज कल्याण मंत्री श्री मदन सहनी जी ने इनकी बातों को गंभीरता पूर्वक सुनने के बाद कहा कि यह परियोजना आईसीडीएस के माध्यम से चल रही थी और केंद्र सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने प्रखंड परियोजना सहायक के पद को विलोपित कर दिया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले में राज्य सरकार की पूरी सहानुभूति आपलोगों के साथ है। सरकार इसपर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द ही कोई ठोस निर्णय लेगी।
समाज कल्याण मंत्री ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा राज्य सरकार पर की गयी टिप्पणी के संदर्भ में पूछने पर कहा कि बौखलाहट में वो अनाप-शनाप बोल रहे हैं। गृहमंत्री के बिहार दौरे के संदर्भ में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि वो कोई शिलान्यास या उद्घाटन करने नहीं आ रहे हैं, उनकी कोई भी चाल बिहार में कामयाब नहीं होगी। केन्द्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह के संदर्भ में पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि उन्हें विकास से कभी कोई मतलब नहीं रहा। उन्हें बयानबाजी करने के अलावे और कुछ नहीं आता।
परिवहन मंत्री श्रीमती शीला मंडल ने केन्द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह के दौरे के संदर्भ में कहा कि ‘‘हर कामयाबी दिखती नहीं जल्दी पर सबका सहयोग हो तो हारती नहीं जल्दी’’ हमारे मुख्यमंत्री जी इसी के तहत विपक्ष को संगठित करने का काम कर रहे हैं। भाजपा का काम राजनैतिक तोड़-फोड़ का है, पर बिहार ने उनको जवाब देकर पूरे देश से उनके खात्मे की शुरुआत कर दी है। परिवहन मंत्री ने कहा कि बिहार में विकास, मिल्लत और सद्भावना की बात ही चलती है। यहाँ भाजपा की कोई चाल कामयाब नहीं हो सकती। इस अवसर पर मुख्यालय प्रभारी प्रदेश महासचिव श्री अरुण कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
