October 1, 2022

NR INDIA NEWS

News for all

सिलेंडर लिक में झुलसी दोनों सौतन ने तोड़ा दम

सिलेंडर लिक में झुलसी दोनों सौतन ने तोड़ा दम
एक दूसरे से 36 का आंकड़ा रखने वाले दोनों सौतन की हुई एक साथ मौत ने लिख दी प्रेम की गाथा, लोमहर्षक घटना से सभी लोग गमगीन, कई प्रश्नों को छोड़ गया दोनों सौतन की एक साथ मौत
महुआ, नवनीत कुमार
महुआ अनुमंडल और कटहारा ओपी अंतर्गत बस्ती सरसिकन पंचायत के हिदायतपुर चकहाजी गांव में बीते 2 दिन पूर्व गैस सिलेंडर सेट करने के दौरान गैस रिसाव से लगी आग में सौतन, पति, पुत्र समेत पांच लोग झुलस गए थे। इसमें दोनों सौतन ने गुरुवार की देर रात एक साथ दम तोड़ दिया। इस घटना से न सिर्फ परिजनों में कोहराम मच गया बल्कि आम जनों के लिए कई प्रश्न भी छोड़ गए।
गांव में चौकीदार महेश राय के भाई गुड्डू राय के घर में गैस वितरक द्वारा सिलेंडर देकर उसे टेस्ट करने के लिए जैसे ही सलाई का तिनका जलाया गया। पूरा कमरा आग की चपेट में आ गया। इस घटना में घर के मालिक गुड्डू राय, उनकी दो पत्नी दुर्गा देवी तथा अंजू देवी के अलावा पुत्र गौरव कुमार और गैस वितरक सुबोध कुमार सिंह सहित पांच लोग झुलस गए थे। सभी झुलसे लोगों को महुआ अनुमंडल अस्पताल लाया गया था। जहां से स्थिति चिंताजनक देखते हुए पीएमसीएच रेफर किया गया था। हालांकि परिजन सभी झुलसे लोगों को पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए। इलाज के दौरान गुड्डू राय की पत्नी दोनों सौतन दुर्गा देवी और अंजू देवी ने गुरुवार की रात मौत से लड़ते हुए दम तोड़ दिया। दोनों मृतिका का शव शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद घर लाया गया। जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। उधर बताया गया कि झुलसे अन्य तीनों की हालत अभी नाजुक बनी है।
दोनों सौतन की हुई एक साथ मौत ने लोगों को किया अचंभित:
ऐसे सौतन का मतलब ही एक दूसरे से द्वेषता और छत्तीस के आंकड़े होते हैं। यहां गुड्डू राय दो शादियां कर रखे थे। दुर्गा और अंजू में भी 36 के आकड़े थे। लेकिन यहां लोमहर्षक घटना से लोग अचंभित हैं कि दोनों एक साथ गैस लीकेज में आग से झुलस गई और एक साथ दम भी तोड़ दिया। गांव में एक घर से जब दोनों सौतन की एक साथ शव निकली तो सभी के आंख आंसुओं से भर गए। महिलाएं तो काफी भावुक हो उठी। घटना को लेकर लोगों में चर्चा का बाजार गर्म रहा। एक साथ दो सौतन की मौत और एक दूसरे को एक चिता नसीब होना भी एक बड़ी यक्ष प्रश्न बनकर रह गया है। इस घटना से गांव में शुक्रवार को मातमी सन्नाटा छाया रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.