कूड़े कचरो की ढेर पर मनेगी महुआ नगर परिषद के लोगों की दिवाली
कूड़े कचरो की ढेर पर मनेगी महुआ नगर परिषद के लोगों की दिवाली
सफाई कर्मियों की हड़ताल से महुआ बाजार सहित विभिन्न जगहों पर लगी कूड़े कचरो का ढेर, कचरे की सरांध से बाजार में लोगों को ठहरना हो रहा मुश्किल
महुआ। रेणु सिंह
इस बार महुआ नगर परिषद के सभी 25 वार्डों में स्वच्छता का त्यौहार दीपावली गंदगी के बीच मनेगी। सफाई कर्मियों का हड़ताल शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। जिससे महुआ बाजार सहित विभिन्न जगहों पर कचरो की अंबार लग गई है। जिसकी सरांध से लोगों को ठहरना मुश्किल हो रहा है। कचरे की बदबू के कारण बाजार से होकर गुजरने वाले हर लोग नाक मुंह को बंद कर ले रहे हैं।
सफाई कर्मियों का कहना है कि उन्हें एक महीने का मजदूरी और पीएफ का पैसा नहीं मिल पाई है। कई बार कहने के बावजूद पैसा देने के नाम पर आना-कानी की गई और उनकी बातों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। जिसके कारण उन्हें वाध्य होकर हड़ताल पर जाना पड़ा। सफाई कर्मी बैजू मलिक, विजय मलिक, अजय मलिक, विजय मलिक आदि ने बताया कि दीपावली और छठ का समय होने के बावजूद उन लोगों की मजदूरी भुगतान नहीं की गई। पर्व त्यौहार कैसे मनेगा। जबकि कई बार मजदूरी देने के लिए कहा गया लेकिन उनकी बातों पर कोई सुनवाई नहीं हुई। सफाई कर्मियों का कहना है कि वे लोग कमाते हैं तो खाते हैं। उनके पास पूंजी नहीं है जो की घर परिवार चलाएं। मजदूरी को रोक देने के कारण पेट चलना मुश्किल हो जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि दीपावली पर बाजार को गंदा छोड़ना वह नहीं चाहते थे लेकिन नगर परिषद के द्वारा उनकी बातों को नजरंदाज करने के कारण ऐसा करना मजबूरी बना है। सफाई पर्यवेक्षक सुनील कुमार भी बताते हैं कि एक महीने की मजदूरी और पीएफ नहीं मिले कारण 92 सफाई कर्मी हड़ताल पर चले गए है। इधर बाजार के हीरा चौधरी, बबलू चौधरी, अजय गुप्ता, प्रेम चौधरी, संजीव कुमार, मुकेश गुप्ता, सुमित सहगल, अमरेंद्र अरुण, मनोज जायसवाल, प्रो अरुण, धर्मेंद्र गुप्ता, संजय गुप्ता, अरविंद गुप्ता आदि ने बताया कि स्वच्छता का प्रतीक दीपोत्सव का त्योहार दीपावली गंदगी पर मनेगी। दो दिनों से सफाई नहीं होने के कारण यहां चारों ओर कूड़े कचरे का ढेर लग गया है। फिर भी नगर परिषद के द्वारा सफाई कर्मियों से वार्ता कर साफ सफाई करवाने की ओर कोई पहल नहीं किया जा रहा है। नगर परिषद को इस पर ध्यान देते हुए सफाई कर्मियों से वार्ता कर उनकी हड़ताल को समाप्त करवाने चाहिए।
कहती हैं उपसभापति
सफाई कर्मियों को मजदूरी एजेंसी के द्वारा दी जाती है। पीएफ भी उन्हीं के द्वारा दी जानी है। सफाई कर्मियों को बकाया राशि और पीएफ का भुगतान हो जाए। इसके लिए एजेंसी पर दबाव डाला जा रहा है। सफाई कर्मियों को मजदूरी की भुगतान कराई जाएगी।
रोमी यादव, उपसभापति महुआ
