April 22, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

पारंपरिक लोकगीतों के दर्पण में छठ महापर्व।

पारंपरिक लोकगीतों के दर्पण में छठ महापर्व।

वैशाली जिले से कौशल किशोर सिंह की रिपोर्ट।

(यही एक ऐसा पर्व जिसमें ईष्ट से वरदान में बेटी मांगी जाती है )

लोक आस्था का महापर्व छठ का अनुष्ठान आज अपार श्रद्धा और विश्वास के साथ किया जा रहा है l शहर-शहर, गांव-गांव, गली-गली छठ गीतों से गुलज़ार है l वास्तव में छठ गीतों से ही छठ का एहसास होने लगता है l छठ के गीतों में न सिर्फ़ छठ की महिमा होती है बल्कि पूरा विधि-विधान रहता है l वैशाली जिले
के गोरौल प्रखंड अंतर्गत आरपीसीजे उच्च माध्यमिक विद्यालय बेलवर घाट,के हिंदी के प्रसिद्ध शिक्षक व जिले के प्रसिद्ध कवि अनिल कुमार ने लोकगीतों के दर्पण में छठ महापर्व को किस रुप में देखा है,आईए हम भी देखें:-
महापर्व छठ का अनुष्ठान बड़ा ही अनूठा है। इसके विधि-विधान अद्वितीय तो है ही,इसकी जीवंतता बनाए रखने में लोकगीतों की भूमिका अहम् रही है l गीतों में जो मिठास है वह मन को मोह लेती है l सच कहें तो इन्हीं लोकगीतों के माध्यम से बिहार की संस्कृतियां जीवंत होती रही है l माटी की इसी सुगंध ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी छठ पूजा की महिमा को सुवासित किया है। इन गीतों के साथ ही तैयारियां शुरु हो जाती है l पूजा के हर क्रियाकलाप लोक गीतों के ही सान्निध्य में संपन्न होते हैं l शुरुआत इस प्रकार: -भाई द्वारा अपनी बहन से पूछना-केकरा लागी करइछे गे बहिनी,छठ माई के वरतिया l बहन का जवाब:- तोहरा लागी करइछी हो भैया, छठ माई के वरतियाlनिस्संदेह यह व्रत पति,पुत्र-पुत्री,भाई-बहन,माता-पिता आदि सगे-संबंधियों की काया कंचन के लिए तथा परिवार की समृद्धि के लिए किया जाता है l इस पर्व में जात-पात का बंधन टूटता सा दिखता है l सबको साथ लेकर चलने का संदेश गीत के इन पंक्तियों में देखा जा सकता है – छोटी-मोटी मालिन बिटिया,कि फूल लोढ़े गेल, फूलवा ले अइहे गे मालिन, अर्घ के बेर l छोटी-मोटी डोमिन बिटिया कि सूप बिने गेल, सूपवा ले अइहे गे डोमिन,अर्घ के बेर l
छठ महापर्व ही एक ऐसा पर्व है जिसमें बेटी के जन्म हेतु बरदान मांगा जाता है l सचमुच सृष्टि की वाहिका नारी की उत्पति होती रहनी चाहिए जो इन पंक्तियों में द्रष्टव्य है: –
रुनकी-झुनकी बेटी मांगिला,पढ़ी पंडितवा दामाद हे छठी मइया l यहां शिक्षा पर भी जोर दिया गया है।
नहाय-खाय से लेकर उदयीमान सूर्य को अर्घ देने तक इस पर्व में पवित्रता का पूरा-पूरा ख्याल रखा जाता है l गीतों में देख लिजिए:-केलवा जे फरले घवद से, ओह पर सुगा मेड़रायl मतलब ईष्ट देव की अराधना में किसी प्रकार की अशुद्धता और अपवित्रा बर्दाश्त नहीं l फिर यदि सुगा नहीं चेतता है तो इसकी शिकायत वह ईष्ट देव से करेगीlगीत की पंक्ति: -उ जे खबरी जनइबो अदित से, सुगा दिहले जुठिआए…l चेतावनी के बाद भी सुगा जुठिआने को उद्दत होता है तब व्रती द्वारा यह कहना- मारबो रे सुगवा धनुष से, सुगा जईबे मुरछाए l
षष्ठी के दिन ठेकुआ, पिड़कीया आदि बड़ा जतन से बनाती है l पूजन सामग्री दऊरा में सजा दिया जाता है l घाट पर जाने का समय होता है l सब तैयार होते हैं l तब व्रती अपने पति से बहंगी उठाकर घाट पर चलने का अनुरोध करती है: -पेन्ह न बलम जी पियरिया, बहंगी घाट पहुंचाए. .l सभी दऊरा (बहंगी) उठाकर घाट की ओर चल पड़ते हैं l महिलाएं गाती जा रही है: -कांच ही बांस के बहंगिया,बहंगी लचकत जाए l बटोही के बारे में – बाट ही पूछथिन बटोहिया,बहंगी किनका के जाए? व्रती का जबाब:- उ जे आन्हर होईबे रे बटोहिया, बहंगी छठी माई के जाये l
घाट पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ दिया जाता है l फिर रात में कोशी भरण की रश्म पूरी की जाती है l भोर में पुन:घाट पहुंचकर डाला सजाया जाता है l उदयीमान सूर्य को अर्घ देने की प्रक्रिया शुरु हो जाती है l सूर्य के उगने में यदि देर भी हो रही हो तो घंटो तक प्रतीक्षा के संकल्प के साथ यह अनुरोध:–सब दिन उगइछ हो दीनानाथ,अहो भोर-भिनसार,आजुक दिनमा हो दीनानाथ, हो लगैल काहे देर…l तब भगवान भास्कर द्वारा यह स्पष्टीकरण: -बाट में भेटीये गेल गे अबला, एक टा अन्हरा कुरुप, अंखिया दिअइते गे अबला, हो लागल एति देर l इस तरह बाझिन को पुत्र देने,कोढ़ी को काया देने में हुई देर का जिक्र भगवान भास्कर द्वारा करना किसी कौतूहल से कम नही है l इस तरह हम देखते हैं कि पूरा का पूरा विधि-विधान लोकगीतों के सान्निध्य में ही संपन्न होता है और यही इस पर्व की महानता भी है l गीतों में संवाद,उलाहना,अनुरोध, डांट,सलाह आदि देखने को मिलते हैं जो इसके प्रति आस्था की डोर को मजबूत बनाते हैं l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.