May 8, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

बिहार में ताकतवर विकल्प के रूप में स्वीकार हो रहा जन सुराज – संजय ठाकुर

बिहार में ताकतवर विकल्प के रूप में स्वीकार हो रहा जन सुराज – संजय ठाकुर

प्रशांत किशोर के नेतृत्व को हर तरफ मिल रहा समर्थन, ग्रामीण होने लगे लामबंद

रिपोर्ट :आदित्य कुमार सिंह, सिवान 
सीवान। जन सुराज के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय कुमार ठाकुर ने कहा है कि बिहार की जनता मौजूदा शासन व्यवस्था से त्रस्त हो परिवर्तन के लिए आतुर है। इसके लिए प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाला जन सुराज एक ताकतवर विकल्प के रूप में स्वीकार किया जाने लगा है। उक्त जानकारी आज यहां जारी एक बयान में जिला मुख्य प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी‌ कृष्ण कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया है कि बिहार को विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने पिछले पचास सालों से बर्बाद कर के रख दिया है। इन सरकारों ने शिक्षा व्यवस्था को धराशाई कर दिया है तो किसानों – मजदूरों की स्थिति चौपट कर दी है। आज हर तरफ भ्रष्टाचार और अफसरशाही का आलम। पन्द्रह वर्षों तक राजद के जंगल राज ने बिहारियों का जीना हराम कर रखा था तो नीतीश कुमार और भाजपा गठबंधन की सत्रह सालों तक की सरकार ने अफसरशाही और भ्रष्टाचार का केन्द्र बना दिया। इन दोनों कथित समाजवादी सरकारों ने अल्पसंख्यकों, दलितों, पिछड़ों,अति पिछड़ों और समाज के अन्य वर्गों के लोगों की हकमारी की और उन्हें अशिक्षित और बेरोजगार बना कर रख दिया। इन कथित छद्म समाजवादियों ने समाज को जात और धर्म के नाम पर बांट कर अपने वोट की राजनीति में समाजवाद का कचूमर निकाल दिया। भाजपा के समर्थन से चली नीतीश सरकार ने भी कभी बड़े कल – कारखानों और उद्योग धंधे स्थापित करने में रुचि नहीं दिखाई और बिहार को मजदूर बनाने वाली फैक्ट्री बना कर रख दिया।
श्री ठाकुर ने आरोप लगाया कि राजद-जदयू और भाजपा के इस राज़ में ढ़ाई करोड़ से ज्यादा बिहारी पलायन कर देश के दूसरे प्रदेशों में रोज़ी- रोटी के लिए मजदूरी कर रहे हैं।‌इन बिहारियों को गालियां दी जाती है और अपमानित किया जाता है।‌दूसरे राज्यों में जिल्लत भरी जिंदगी जीने को मजबूर हैं बिहारी। ऐसे में जन सुराज के संस्थापक और पदयात्रा अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर की पदयात्रा ने बिहार के लोगों की नजरें खोल दी है और मौजूदा सरकार से परेशान आम जनता जन सुराज को आशा भरी निगाहों से देख रही है।‌ लोग प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाले जन सुराज को अपना राजनीतिक विकल्प स्वीकार करने लगे हैं।‌गांवों में पदयात्रा के दौरान प्रशांत किशोर के स्वागत में उमड़ रही भीड़ इस बात के पुख्ता सबूत है।
श्री ठाकुर ने बिहार में तथा बिहार से बाहर रह रहे सभी बिहारी भाइयों से अपने व अपने बच्चों का भविष्य संवारने के लिए तथा बिहार में व्यवस्था परिवर्तन कर एक विकसित बिहार बनाने के लिए जन सुराज से जुड़ने का आह्वान किया है।इस मौके पर समाजसेवी चन्द्रमा सिंह, पीयूष सिंह, डॉ नरेन्द्र सिंह, पन्नू सिंह, हरिकांत सिंह आदि मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.