फाइनल में वैशाली ने मुजफ्फरपुर को पछार कर कप पर जमाया कब्जा
फाइनल में वैशाली ने मुजफ्फरपुर को पछार कर कप पर जमाया कब्जा
महुआ गांधी मैदान में खेले गए क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में दोनों टीमों के बीच हुई शानदार मुकाबला, खिलाड़ियों पर हुई इनामो की बरसात
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने विजेता और उपविजेता टीम को कप देकर हौसला अफजाई की
महुआ। रेणु सिंह
स्थानीय गांधी मैदान में खेले गए स्व शिव राय स्मृति सीजन फर्स्ट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को वैशाली और मुजफ्फरनगर टीम के बीच हुआ। इस महा मुकाबले में वैशाली की टीम ने मुजफ्फरपुर पर दबाव बनाते हुए उसे 108 रनों से पराजित कर कप पर कब्जा जमाया। खेल काफी रोमांचक हुआ जिसे देखने के लिए दर्शकों की भीड़ जमी रही।
खेल में टॉस जीतकर बोगी इलेवन वैशाली की टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। उन्होंने शानदार पारी खेलते हुए पूरे 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 247 रन बनाकर विरोधी टीम को 248 रन का लक्ष्य दिया। इस टीम के हैप्पी ने 44 रन बनाकर 3 विकेट लिए। जिससे उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस टीम के कप्तान सुप्रीम ने पूरे खेल में 135 रन बनाकर 6 विकेट लिए। जिससे उन्हें मैन ऑफ द सीरीज के लिए पुरस्कृत किया गया। वहीं गोलू ने भी 60 रन टीम के खाते में दिए। इसी टीम के सुधांशु को बेस्ट बैट्समैन के लिए पुरस्कृत किया गया। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टार इलेवन मुजफ्फरपुर की टीम ने 15.5 ओवर में 139 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस टीम के बैट्समैन का प्रदर्शन अच्छा नहीं होने से वे आए राम और गए राम साबित हुए। हालांकि उपविजेता टीम के कुंदन मलिंगा को बेस्ट बॉर्डर के लिए पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने विजेता और उपविजेता टीम को कप प्रदान कर उनकी हौसला अफजाई की। इस मौके पर खेल आयोजन उपसभापति रोमी यादव, चंदन कुमार के अलावा सभापति नवीन चंद्र भारती, रालोजपा के राजेश सिंह, ब्रह्मदेव राय, कामेश्वर सिंह, चंदन कुमार सिन्हा, मनोज सिंह, पूर्व उप प्रमुख सत्येंद्र कुमार राय, पूर्व पार्षद अशोक कुमार अकेला, रौशन बाबा आदि उपस्थित थे। यहां पर एक सप्ताह से चल रहे टूर्नामेंट को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह रहा। खिलाड़ियों को बाइक, रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, टीवी, मोबाइल, नगदी सहित काफी संख्या में इनामों की बरसात की गई। पूरे खेल में कमेंटेटर मनीष कुमार सिंह, धर्मेंद्र व सुशांत ने दर्शकों का खूब मन बहलाया।
