तीन दिवसीय अष्टयाम यज्ञ के लिए 551 महिलाओं व लड़कियों ने की जलभरी
तीन दिवसीय अष्टयाम यज्ञ के लिए 551 महिलाओं व लड़कियों ने की जलभरी
कलशयात्रा के जरिए लोगों में दिया आपसी प्रेम और एकता का संदेश, महुआ के छतवारा खास पट्टी बाबा कारिख स्थान पर आज से शुरू होगा अखंड जाप
महुआ। रेणु सिंह
स्थानीय नगर परिषद के छतवारा खास पट्टी स्थित बाबा कारिख स्थान पर तीन दिवसीय अष्टयाम यज्ञ को लेकर बुधवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में 551 महिलाओं व लड़कियों ने माथे पर गंगाजल से भरा कलश लेकर नगर भ्रमण किया।
इस शोभायात्रा के जरिए श्रद्धालुओं ने लोगों को आपसी प्रेम, एकता, अपनत्व, भाईचारा और सहिष्णुता का संदेश दिया। यह कलशयात्रा यज्ञ स्थल से निकलकर 3 किलोमीटर दूर छतवारा महावीर मंदिर पहुंची। जहां पर पहलेजा धाम से मंगाए गए पवित्र जल को कलश में भरा गया। यहां से श्रद्धालु देवी देवताओं के जयघोष करते हुए यज्ञ स्थल पहुंचे। जहां कलश को विधि विधान के साथ स्थापित किया गया। कलशधारी महिलाओं के साथ काफी संख्या में अन्य महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी हाथ में धर्म के पताखे लेकर गाजे बाजे के धुन में चल रहे थे। कलश यात्रियों की सेवा के लिए रास्ते में लोग जगह-जगह खड़े थे। बताया गया कि गुरुवार को यहां 24 घंटे का अखंड जाप शुरू होकर शुक्रवार की को यज्ञ की पूर्णाहुति और रात में विवाह कीर्तन होगा। यज्ञ ग्रामीणों के सहयोग से हो रहा है।
