प्रीपेड स्मार्ट मीटर के विरोध में मोर्चा का महुआ विद्युत कार्यालय पर प्रदर्शन
प्रीपेड स्मार्ट मीटर के विरोध में मोर्चा का महुआ विद्युत कार्यालय पर प्रदर्शन
पातेपुर रोड से प्रतिवाद मार्च निकालकर विभिन्न मार्गो का भ्रमण करते हुए प्रदर्शनकारी पहुंचे विद्युत कार्यालय
महुआ। रेणु सिंह
स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने के विरोध में विद्युत संघर्ष मोर्चा द्वारा मंगलवार को यहां विद्युत कार्यालय पर रोषपूर्ण प्रदर्शन किया गया। इस दौरान उन्होंने अपनी छह सूत्री मांगों का ज्ञापन कार्यपालक अभियंता को सौपा।
यह प्रदर्शन मोर्चा के ललित कुमार घोष के नेतृत्व में यहां पातेपुर रोड के फूदेनी चौक से निकलकर गांधी स्मारक, पुल रोड, अनुमंडल कार्यालय रोड से गोला रोड होते हुए विद्युत कार्यालय पहुंची। जहां पर प्रदर्शनकारी सभा में तब्दील हो गए और जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों को रखा। उनकी छह सूत्री मांगों में बिजली की प्रीपेड स्मार्ट मीटर को लगाना अभिलंब बंद करने, हाई व लो वोल्टेज की समस्या को दूर करने, 24 घंटे बिजली की निर्वाध आपूर्ति करने, किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने को सुनिश्चित करने, किसानों की मांग पर सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली कनेक्शन एक सप्ताह के अंदर लगाने व बिजली अधिनियम 2023 को रद्द करने की मांग शामिल थी। प्रदर्शन सभा में उपस्थित जीतू पासवान, विश्वनाथ साहू, डॉ राजकिशोर राय, प्रकाश प्रियदर्शी, सफदर इरशाद आदि दर्जनों लोगों ने अपनी बातों को रखा। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा की जा रही मनमानी नहीं चलेगी। प्रीपेड स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं का दोहन किया जा रहा है। इधर मोर्चा द्वारा प्रदर्शन को लेकर महुआ बाजार में चहल-पहल बनी रही। वहीं नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी कार्यालय पर आपाधापी का माहौल रहा। हालांकि मोर्चा द्वारा पूरी तरह शांति पूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर अपनी मांगों को रखा गया।
