April 21, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

मिली सुविधाएं तो किलकारियों से गूंज रहा सदर अस्पताल/रिपोर्ट नसीम रब्बानी

मिली सुविधाएं तो किलकारियों से गूंज रहा सदर अस्पताल/रिपोर्ट नसीम रब्बानी

– दूसरी लहर के बाद फिर से प्रसव में आयी बढ़ोतरी
– सिजेरियन की भी है बेहतरीन सुविधा
– जून माह में कुल 307 प्रसव में 287 सामान्य तथा 20 सिजेरियन हुए हैं।
सीतामढ़ी, 7 जुलाई ।
कोरोना की दूसरी लहर बीतने के बाद फिर से लोगों का विश्वास सदर अस्पताल के प्रति बढ़ा है। जिसका प्रतिफल विगत दो महीनों में प्रसव के आंकड़ों में वृदि्ध के तौर पर देखा जा सकता है। सदर अस्पताल की अधीक्षक डॉ सुधा झा ने कहा कि सदर अस्पताल कोरोना के बाद फिर से रिगेन कर रहा है। यह शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के लिए काफी किफायती और विश्वासी रहा है। जिसमें विगत कुछ वर्षों में सुविधाएं और बढ़ी ही हैं। यहां सामान्य और सीजेरियन दोनों ही प्रकार की सुविधाएं हैं। पिछले ही वर्ष यहां ओटी वार्ड की स्थापना हुई थी ताकि उनमें संक्रमण न फैलें। ओटी में ऑपरेशन के लिए भी दो टेबल हैं जो पूरी तरह फंक्शनल हैं। यहां ऑपरेशन के लिए पर्याप्त डॉक्टर हैं। एनेस्थेसिया के विशेषज्ञों की अनुपस्थिति में कार्य प्रभावित न हों इसके लिए चार डॉक्टरों को हमने प्रशिक्षित भी कराया है।
दो महीनों में 20 सिजेरियन
डॉ सुधा झा ने बताया कि प्रसव कक्ष में सुविधाओं में कभी कोई कमी नहीं हुई, हां आंकड़ों में जरूर कुछ कमी आयी, पर यह कमी निजी संस्थाओं में भी देखी गयी है। जिसका मुख्य कारण लॉकडाउन के कारण आवागमन  था। वहीं यहां होने वाले प्रसव में नेपाल के सीमावर्ती इलाकों से भी महिलाएं आती हैं । बॉर्डर पर पाबंदियों के कारण वह अभी बंद है। जिसके कारण आंकड़े थोड़े कम हुए पर अनलॉक के साथ ही फिर से प्रसव की संख्या में उछाल आ रहा है। लोगों का इस अस्पताल पर पुराना विश्वास है। मई माह में जहां 253 प्रसव हुए वहीं जून माह में कुल 307 प्रसव में 287 सामान्य तथा 20 सिजेरियन हुए हैं।

गर्भवती भ्रम न पालें
डॉ सुधा झा ने कहा कि कुछ दिन पहले ही गर्भवतियों और स्तनपान कराने वाली महिलाओं के टीकाकरण के लिए नोटिफिकेशन भी आया है। कुछ ग्रामीण इलाकों में गर्भवती और स्तनपान के समय टीका लेने में भ्रम की स्थिति है। जो निराधार है। बहुत ही रिसर्च और सोच  समझ कर सरकार ने गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए टीकाकरण जारी किया है। यह बिल्कुल ही सुरक्षित है।
इन मानकों का करें पालन और कोविड-19 संक्रमण से रहें दूर :
– मास्क का उपयोग और शारीरिक दूरी का पालन जारी रखें।
– अनावश्यक घरों से बाहर नहीं निकलें और भीड़-भाड़ वाले जगहों से परहेज करें।
– विटामिन-सी युक्त पदार्थों का अधिक सेवन करें।
– साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखें और सैनिटाइजर का उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.