महुआ में संत शिरोमणि रविदास जयंती समारोह के मौके पर उमड़ी भीड़
संत शिरोमणि रविदास की जीवनी से सीख लेने की अपील, जाति से नहीं बल्कि कर्म से महान होता है व्यक्ति
महुआ से रेणु सिंह की रिपोर्ट
रविदास जन कल्याण समिति के तद्भावधान में संत शिरोमणि रविदास जयंती समारोह गुरुवार को महुआ गांधी मैदान में उल्लास और उमंग के बीच मनाई गई। इस मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ी और विभिन्न जगहों से लोग संत रविदास की झांकियां लेकर पहुंचे। जयंती समारोह में मुख्य रूप से उपस्थित समाजसेवी निशिकांत सिन्हा ने कहा कि व्यक्ति जाति से नहीं बल्कि कर्म से महान होता है। उन्होंने संत रविदास के व्यक्तित्व से लोगों को सीख लेने की अपील की। समिति के अध्यक्ष बालेंद्र दास की अध्यक्षता और रमन आजाद के संचालन में आयोजित समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राजापाकर विधायक प्रतिमा कुमारी व पातेपुर के लखेन्द्र कुमार रौशन ने गरीब मजदूरों को अपने बच्चों में शिक्षा संस्कार देने की नसीहत दी। मन चंगा तो कठौती में गंगा: समारोह में मुख्य रूप से उपस्थित जदयू के प्रदेश महासचिव जागेश्वर राय, लोजपा रा के वरीय नेता संजय सिंह, प्रो सुनीता कुमारी, लक्ष्मण राम, प्रो राजेश्वर गुप्त आदि ने भी संत रविदास की महानता और उनकी संतों में महासंत होने का बखान किया। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि रविदास ने मन चंगा तो कठौती में गंगा को सिद्ध कर दिया था। समिति के अध्यक्ष बालेंद्र दास द्वारा धन्यवाद विज्ञापन और आगंतुकों का सम्मान संत शिरोमणि की तस्वीर भेंट कर की गई। इस मौके पर बालेंद्र दास ने कहा कि संतों की जाती नहीं बल्कि उनके कर्म देखे जाते हैं। हर व्यक्ति अपने कर्म से महान होता है। उन्होंने कर्म की प्रधानता दी। कार्यक्रम को लेकर रविदास समाज के लोगों में खासा उत्साह और उमंग रहा। कार्यक्रम में लोगों की भीड़ रही। यहां कन्हौली, महादेव मठ, मधौल, कुशहर सहित विभिन्न स्थानों से संत रविदास की झांकी लेकर लोग नाचते-गाते, जोशीले अंदाज में पहुंचे। झांकी के साथ महिला श्रद्धालु जोशीले अंदाज में नाचते गाते चल रही थी। उनमें विशेष उमंग था। उनकी झांकी को देखने के लिए रास्ते में लोग जगह-जगह खड़े थे।