एचएमआईएस पोर्टल पर ससमय प्रविष्टि को लेकर रहें सजग: डॉ ब्रजेश
एचएमआईएस पोर्टल पर ससमय प्रविष्टि को लेकर रहें सजग: डॉ ब्रजेश
–पंजीकृत निजी स्वास्थ्य संस्थानों के साथ की गयी बैठक
-परिवार नियोजन, प्रसव, प्रसव पूर्व के डेटा संधारण पर मिला प्रशिक्षण
वैशाली। जिले में परिवार नियोजन, प्रसव एवं प्रसव पूर्व जांच के डेटा की उपयोगिता और महत्व पर बुधवार को सदर अस्पताल के सभागार में निजी चिकित्सालयों के साथ बैठक की गयी। इस बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला स्वास्थ्य समिति और पीएसआई इंडिया के सहयोग से किया गया था। इस बैठक की अध्यक्षता अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ ब्रजेश कुमार ने की। डॉ ब्रजेश ने कहा कि मातृ स्वास्थ्य की अनेक सेवाओं की पुष्टि के लिए आंकड़े बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। इनके आधार पर ही वर्तमान भविष्य के कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार होती है। सरकारी स्वास्थ्य संस्थान से हमें आंकड़े प्राप्त होता है,पर निजी पंजीकृत संस्थानों का सहयोग हमें चाहिए,ताकि सही आंकड़े हमें मिले। आपकी थोड़ी सी तत्परता जिले को स्वास्थ्य कार्यक्रम में यथोचित स्थान दे सकती है।
हेल्थ मैनेजमेंट इंफोरमेशन सिस्टम हैं स्वास्थ्य कार्यक्रम का आईना:
बैठक के दौरान जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी डॉ ऋतुराज ने कहा कि एचएमआइएस के आंकड़े स्वास्थ्य कार्यक्रम का आईना है। परिवार नियोजन, प्रसव एवं प्रसव पूर्व जांच व अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के आंकड़ों की एचएमआईएस पोर्टल पर ससमय रिपोर्टिंग करने हेतु सभी पंजीकृत निजी चिकित्सालयों, नर्सिंग होम व अन्य संस्थानों को कहा। उन्होंने कहा कि हर माह की 5 तारीख तक प्रसव संबंधित सेवाओं, परिवार कल्याण कार्यक्रम, बच्चों को नियमित टीकाकरण, मातृ एवं शिशु जन्म मृत्यु रिपोर्ट आदि की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से अपलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने जोर दिया कि जिले के सभी निजी चिकित्सालयों समय से रिपोर्ट भेजना सुनिश्चित करें जिससे जिला का रैंकिंग प्रदेश स्तर पर बढ़ सके। बैठक में जिला स्तर से डीसीएम निभा रानी सिन्हा, डीसी आरबीएसके डॉ शाइस्ता, पीएसआई इंडिया से अकबर अली खान, कुमार सुरभी, पिरामल से दीपीका राणा सहित अन्य लोग मौजूद थे।
