वैशाली में कई घटनाओं के बीच हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ होली महापर्व
वैशाली में कई घटनाओं के बीच हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ होली महापर्व
रिपोर्ट: सुधीर मालाकार
हाजीपुर (वैशाली) जिले भर में होली का त्योहार बड़े उल्लास और सौहार्द के माहौल में मनाया गया। हाजीपुर, महुआ, लालगंज, पातेपुर और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर, अबीर उड़ाकर और मिठाइयाँ बाँटकर खुशियाँ मनाईं। बाजारों में खरीदारों की भीड़ रही और पारंपरिक गीत-संगीत से वातावरण गूँजता रहा।
इसी दौरान लालगंज इलाके में रंग लगाने को लेकर दो पक्षों में मामूली कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई, जिससे कुछ देर तनाव रहा। सूचना पर पहुँची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। अधिकारियों के मुताबिक किसी को गंभीर चोट नहीं आई और स्थिति सामान्य हो गई।
हालाकि होली के उल्लास के बीच कुछ दुखद घटनाएँ भी सामने आईं ।बिदुपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
जंदाहा थाना क्षेत्र के दसपरहा गाँव में स्नान के दौरान दो युवकों की डूबने से मौत हो गई, जिससे वहाँ का माहौल शोक में बदल गया।
प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे—मुख्य चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा और संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाई गई। राघोपुर, महनार, सहदेई, जंदाहा, गोरौल, भगवानपुर, चेहरा कला, पटेरी बेलसर, वैशाली, हाजीपुर, राजापाकर सहित अन्य स्थानों से होली हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने की खबरें मिलीं।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने रंगों के इस पर्व को उत्साह से मनाया, जिससे जिले में आपसी एकता और समरसता की तस्वीर और मजबूत हुई।
