इस्लामिया टीचर्स ट्रेनिंग बी.एड. कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
इस्लामिया टीचर्स ट्रेनिंग बी.एड. कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
फुलवारी शरीफ परवेज आलम।
पटना के फुलवारीशरीफ स्थित इस्लामिया टीचर्स ट्रेनिंग बी.एड. कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं की भूमिका, उनके अधिकारों तथा सशक्तिकरण के महत्व को रेखांकित करना था। वर्ष 2026 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का थीम “Give to Gain” है, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर कार्य करने वाले संगठनों के लिए सहयोग एवं संसाधन जुटाने के साथ-साथ समाज में महिलाओं को प्रोत्साहित करना, उनके योगदान का सम्मान करना तथा भेदभाव को चुनौती देने के लिए जागरूकता फैलाना है।
इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षार्थियों ने महिलाओं के सशक्तिकरण से संबंधित विभिन्न पोस्टर, चार्ट एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में प्रतिभागी रूबी नाज़, ज़ैनब, निवेदिता, प्रियंका, सादिया, रितिका, जूली, रश्मि, आस्था, अंजली, शालू, रोशनी, सिया, अध्यशा, वर्षा, पल्लवी, सोनिया, ममता, पूजा तथा राहुल द्वारा स्लोगन लेखन, भाषण, पोस्टर प्रेजेंटेशन एवं रोल-प्ले प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने महिलाओं की उपलब्धियों, समाज में उनके योगदान तथा उनके अधिकारों पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए, जिससे उपस्थित सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी प्रभावित हुए।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य आर. के. अरुण ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण से ही एक सशक्त और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में IQAC समन्वयक डॉ. अली इमाम एवं सह-समन्वयक डॉ. मंजुला की उपस्थिति भी सराहनीय रही। कार्यक्रम में कॉलेज के सभी शिक्षकों की उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।
कार्यक्रम का संचालन शीला सुमन एवं रेणुका रानी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ तथा सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सराहा गया।
