पटना में जंबोटेल का ‘मगध एफसी’ फुलफिलमेंट सेंटर शुरू, बिहार-झारखंड के 10,000 किराना दुकानों को मिलेगा फायदा
पटना में जंबोटेल का ‘मगध एफसी’ फुलफिलमेंट सेंटर शुरू, बिहार-झारखंड के 10,000 किराना दुकानों को मिलेगा फायदा
24 घंटे में डिलीवरी, डिजिटल ऑर्डरिंग और आसान क्रेडिट से छोटे दुकानदार होंगे मजबूत। COO आशीष झीना बोले- पूर्वी भारत पर फोकस
पटना संवाददाता (25/04/2026)
देश के उभरते न्यू रिटेल प्लेटफॉर्म जंबोटेल ने पूर्वी भारत में अपने विस्तार को गति देते हुए पटना में नया फुलफिलमेंट सेंटर ‘मगध एफसी’ शुरू किया है। इस सेंटर से बिहार, झारखंड और ओडिशा के किराना कारोबारियों को सीधा फायदा मिलेगा। कंपनी का मकसद पारंपरिक खुदरा व्यापार को आधुनिक तकनीक से जोड़कर छोटे दुकानदारों को बड़ी रिटेल चेन के मुकाबले खड़ा करना है।
क्या मिलेगी सुविधा:
‘मगध एफसी’ के माध्यम से स्थानीय खुदरा विक्रेताओं को डिजिटल ऑर्डरिंग, आसान क्रेडिट सुविधा और 24 घंटे के भीतर डिलीवरी जैसी सेवाएं मिलेंगी। इससे दुकानदारों को स्टॉक मैनेजमेंट में आसानी होगी और कैश फ्लो भी बेहतर होगा। जानकारों के मुताबिक, यह पहल छोटे किराना स्टोरों को ओमनीचैनल कन्वीनियंस स्टोर में बदलने में मददगार होगी।
यूनिकॉर्न बनने के बाद विस्तार तेज:
वर्ष 2025 में यूनिकॉर्न का दर्जा हासिल करने के बाद जंबोटेल ने “J24” स्टोर नेटवर्क के जरिए पारंपरिक दुकानों को आधुनिक बनाने का काम तेज किया है। पटना में यह नया सेंटर उसी रणनीति का हिस्सा है। कंपनी का दावा है कि वह अपने फुल-स्टैक B2B मार्केटप्लेस, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और फिनटेक प्लेटफॉर्म के जरिए देशभर में 2.5 लाख से अधिक किराना दुकानों को सेवाएं दे रही है।
10,000 रिटेलर्स को सीधा लाभ:
लॉन्च के मौके पर जंबोटेल के मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) आशीष झीना ने कहा, “हमारा लक्ष्य देश के हर कोने में किराना इकोसिस्टम को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है। पटना स्थित यह केंद्र क्षेत्र के 10,000 से अधिक रिटेलर्स को सीधे तौर पर लाभ पहुंचाएगा और उन्हें आधुनिक रिटेल प्रणाली से जोड़ेगा।”
कौन-कौन रहे मौजूद:
कार्यक्रम में कंपनी के प्रेसिडेंट अमन अग्रवाल, मुख्य व्यापारिक अधिकारी पुनीत गुप्ता, वाइस प्रेसिडेंट कमलेश कुमार, जोनल मैनेजर अश्वनी कुमार और स्टेट हेड प्रभाकर झा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान कंपनी ने पूर्वी भारत में भविष्य की विस्तार योजनाओं पर भी चर्चा की।
