March 14, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

जनता दरबार के माध्यम से आमजन की समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाधिकारी वैशाली सक्रिय

जनता दरबार के माध्यम से आमजन की समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाधिकारी वैशाली सक्रिय

जिलाधिकारी वैशाली, श्रीमती वर्षा सिंह द्वारा आज दिनांक 13 मार्च 2026 को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित “जनता दरबार” कार्यक्रम में कुल 59 परिवादों का अवलोकन एवं निस्तारण किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किये।

अवलोकन के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त परिवादों पर सात (7) दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए प्रतिवेदन जन शिकायत कोषांग को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।

आज प्राप्त परिवाद राजस्व एवं भूमि सुधार, शिक्षा, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अवर निबंधक, आवास, विद्युत, डी०एस०ओ०, आई०सी०डी०एस०, आर्म्स, सी०एस०, जीविका, आपदा प्रबंधन, निर्वाचन, सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य विभागों से संबंधित रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर मामलों की जांच कर त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उल्लेखनीय है कि सात निश्चय–3: “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के अंतर्गत जिला, अनुमंडल, प्रखंड, थाना एवं पंचायत स्तर पर भी जनता दरबार का नियमित आयोजन किया जा रहा है। आज जिला, अनुमंडल, प्रखंड, थाना एवं पंचायत स्तर पर कुल मिलाकर 746 आवेदनों का अवलोकन एवं निस्तारण सुनिश्चित किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार एक सशक्त मंच है, जिसके माध्यम से आमजन सीधे प्रशासन तक अपनी समस्याएं पहुँचा सकते हैं और उनके निराकरण की प्रक्रिया को गति मिलती है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त परिवादों के निष्पादन में संवेदनशीलता एवं गंभीरता बरतते हुए समयसीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की सेवा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.