March 14, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

अग्निकांड से बचाव हेतु जागरूकता के लिए साइकिल रैली को डीएम एवं एसपी ने दिखाई हरी झंडी

अग्निकांड से बचाव हेतु जागरूकता के लिए साइकिल रैली को डीएम एवं एसपी ने दिखाई हरी झंडी

आज दिनांक 13.03.2026 को जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह एवं पुलिस अधीक्षक वैशाली श्री विक्रम सिहाग द्वारा संयुक्त रूप से अग्निकांड से बचाव एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गृह रक्षक महिला कर्मियों ने साइकिल रैली में भाग लिया। रैली के साथ अग्निशमन विभाग के अग्निशमन उपकरणों से सुसज्जित वाहन भी शामिल रहा।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक वर्ष गर्मी के मौसम में विशेषकर 15 अप्रैल के बाद आगलगी की घटनाओं में वृद्धि देखने को मिलती है। पिछले वर्ष जिले में लगभग 192 आगलगी की घटनाएं दर्ज की गई थीं, जिससे न केवल लोगों की संपत्ति बल्कि कई बार जानमाल की भी क्षति होती है। ऐसे में आमजन को आग से बचाव के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि यह साइकिल रैली केवल एक शुरुआत है, जिसके माध्यम से आम लोगों तक अग्नि सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाए जाएंगे। रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर लगाए गए जागरूकता संदेशों के माध्यम से लोगों को आग से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से पेट्रोल पंप के आसपास सावधानी बरतने, सिगरेट अथवा किसी भी प्रकार की चिंगारी से संभावित खतरे के प्रति सचेत रहने तथा कचरा आदि जलाने से बचने की अपील की।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि कई बार छोटी-छोटी लापरवाहियों के कारण बड़ी आगलगी की घटनाएं हो जाती हैं, इसलिए जन-सहभागिता के माध्यम से इस दिशा में व्यापक जागरूकता फैलाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि लगभग 11 किलोमीटर की इस साइकिल रैली के दौरान बीच-बीच में प्रतिभागियों के लिए पेयजल एवं ओआरएस की व्यवस्था भी की गई है, ताकि प्रतिभागी सुरक्षित एवं सुचारु रूप से इस अभियान को आगे बढ़ा सकें।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में विशेष सतर्कता बरतें, घरों एवं खेतों के आसपास अनावश्यक रूप से कचरा या पराली न जलाएं, पेट्रोल पंप अथवा ज्वलनशील पदार्थों के आसपास धूम्रपान से परहेज करें तथा बिजली के उपकरणों का सावधानीपूर्वक उपयोग करें। किसी भी प्रकार की आगलगी की घटना होने पर तुरंत अग्निशमन विभाग अथवा स्थानीय प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

जिला पदाधिकारी ने अग्निशमन विभाग की पूरी टीम तथा बड़ी संख्या में भाग ले रही महिला गृह रक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान निरंतर चलाए जाने चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी आग से बचाव के संबंध में व्यापक रूप से जागरूकता फैलायी जाए, क्योंकि अधिकांश आगलगी की घटनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में ही होती हैं।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी हाजीपुर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कमांडेंट गृह रक्षक वाहिनी वैशाली, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद सहित अन्य संबंधित वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। यह साइकिल रैली नगर परिषद हाजीपुर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरते हुए लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.