March 26, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

चैती छठ की तैयारी में नगर परिषद मुस्तैद, जिलाधिकारी वैशाली के निर्देश पर घाटों की तैयारी तेज

चैती छठ की तैयारी में नगर परिषद मुस्तैद, जिलाधिकारी वैशाली के निर्देश पर घाटों की तैयारी तेज

 

जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा. प्र.से.) के निर्देशानुसार चैती छठ पर्व को लेकर नगर परिषद हाजीपुर द्वारा शहर के विभिन्न छठ घाटों पर व्यापक तैयारी शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि छठ व्रतियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण में पूजा-अर्चना की सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

नगर परिषद द्वारा शहर के प्रमुख घाटों जैसे कौनहारा घाट, नमामि गंगे घाट, पुरानी पुल घाट आदि पर छठ व्रतियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। घाटों पर नियंत्रण कक्ष, चेंजिंग रूम, हेल्प डेस्क, बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, वॉच टावर, साफ-सफाई तथा सुरक्षा से संबंधित कार्य तेजी से कराया जा रहा है, ताकि छठ पर्व का आयोजन सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

अनुमंडल पदाधिकारी, हाजीपुर द्वारा छठ घाटों की तैयारियों का निरीक्षण किया जा रहा है तथा आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। वहीं नगर परिषद हाजीपुर के कार्यपालक पदाधिकारी के नेतृत्व में छठ घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारी तेजी से कराई जा रही है।

नया पुल घाट एवं बाल दास घाट में पर्याप्त जल उपलब्ध नहीं होने के कारण वहां इस वर्ष छठ पर्व का आयोजन प्रतिबंधित किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे केवल निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही छठ पूजा करें।

जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि चैती छठ आस्था और स्वच्छता का पर्व है, इसलिए सभी घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा एवं सुविधा की व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए छठ पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.