March 27, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

जिलाधिकारी वैशाली के निर्देश पर हाजीपुर में अतिक्रमण विरुद्ध अभियान, रामनवमी को लेकर शहर को बनाया जा रहा अतिक्रमण मुक्त

जिलाधिकारी वैशाली के निर्देश पर हाजीपुर में अतिक्रमण विरुद्ध अभियान, रामनवमी को लेकर शहर को बनाया जा रहा अतिक्रमण मुक्त

जिलाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा. प्र.से.) के निर्देशानुसार रामनवमी पर्व को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद, हाजीपुर द्वारा आज दिनांक 26 मार्च 2026 को शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना एवं आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है।

यह अभियान त्रिमूर्ति चौक से प्रारंभ होकर गांधी चौक होते हुए राजेन्द्र चौक तक चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाया गया तथा अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में पुनः अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान का संचालन नगर प्रबंधक श्री दीपक कुमार तिवारी एवं डॉ. सूर्य प्रकाश के द्वारा किया गया। इस दौरान दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों से बैरिकेटिंग के अंदर ही दुकान लगाने तथा सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने का निर्देश दिया गया। बैरिकेटिंग के बाहर दुकान या सामान रखने पर दंडात्मक कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई।

जिला प्रशासन, वैशाली एवं नगर परिषद, हाजीपुर का मुख्य उद्देश्य रामनवमी पर्व के दौरान शहर को अतिक्रमण मुक्त रखते हुए श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को जाम मुक्त एवं सुगम आवागमन की सुविधा प्रदान करना है। उल्लेखनीय है कि इस अभियान में स्थानीय दुकानदारों द्वारा भी सहयोग किया जा रहा है।

जिलाधिकारी, वैशाली के निर्देशानुसार अतिक्रमण हटाओ अभियान शहर के विभिन्न भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों पर लगातार चलाया जाएगा, ताकि शहरवासियों को अतिक्रमण से होने वाली समस्याओं का सामना न करना पड़े और शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.